
बीकानेर .प्रदेश भर से आए शिक्षकों की शिक्षा निदेशालय में स्थानान्तरण के लिए नाम दर्ज करवाने के लिए भीड़ रही। प्रा.शि. निदेशालय में एक जिले से दूसरे जिले में स्थानान्तरण चाहने वाले शिक्षकों को २० अप्रेल तक आवेदन करने हैं। ये आवेदन ई मेल से भी भेजा जा सकता है, परन्तु प्रदेश भर से शिक्षक स्थानान्तरण आवेदन जमा करवाने बीकानेर आए हैं। आवेदन देने वाले शिक्षकों की दिनभर रेलमपेल रही।
राज्य सरकार ने निर्देश दिए हैं कि माध्यमिक एवं प्रारंभिक शिक्षा में कार्यरत तृतीय श्रेणी अध्यापकों के स्थानान्तरण के लिए २० अप्रेल तक निर्धारित कार्यालय में निर्धारित प्रपत्र में आवेदन करने होंगे। इसमें जिले में स्थानान्तरण के लिए आवेदन जिला शिक्षा अधिकारी को तथा एक जिले से दूसरे जिले में स्थानान्तरण के लिए आवेदन माध्यमिक शिक्षा निदेशक को देना होगा। दूसरे जिलों में स्थानान्तरण चाहने वाले शिक्षकों की बीकानेर में भीड़ रही।
इधर स्थानान्तरण के लिए शिक्षक विधायकों के घरों में भी चक्कर लगा रहे हैं। शिक्षक विधायक एवं भाजपा नेताओं की अनुशंसा के साथ शिक्षा मंत्री एवं शिक्षा विभाग को स्थानान्तरण आवेदन भेज रहे हैं। पूरे निदेशालय में गुरुवार को स्थानान्तरण का माहौल रहा।