
लूणकरनसर. राष्ट्रीय राजमार्ग-15 पर धीरेरां गांव के समीप बुधवार तड़के दो ट्रकों की आमने-सामने हुई जबरदस्त भिड़न्त में दो जने गंभीर घायल हो गए। जिन्हें बीकानेर के पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेन्टर में भर्ती करवाया गया।
108 एम्बुलेंस के ईएमटी रामूराम मेघवाल ने बताया कि राजमार्ग-१५ पर धीरेरां गांव के पास बीकानेर की तरफ जा रहे एक तूड़ी से भरे ट्रक की सामने से ट्रेलर ट्रक की भिड़न्त हो गई। हादसे में पंजाब के फरीदकोट जिले के डोड निवासी जसविन्दर सिंह व मढेर निवासी महावीर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची १०८ एम्बुलैंस के स्टाफ ने वाहन चालकों की मदद से दोनों घायलों को निकालकर बीकानेर पीबीएम अस्पताल भर्ती करवाया गया। वाहनों की भिड़न्त में दोनेां वाहन बुरी तरफ से क्षतिग्रस्त हो गए तथा तूड़ी से भरा ट्रक पलटने से तूड़ी बिखर गई। हादसे राजमार्ग-१५ पर जाम लगने से वाहनों की कतार लग गई तथा मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहनों को निकलवाकर जाम हटवाया।
ट्रेलरों की भिड़ंत में दो घायल
महाजन. यहां से करीब आठ किमी दूर राजमार्ग 15 पर लालेरा बस स्टैंड के पास मंगलवार देर रात को दो ट्रेलरों की आमने-सामने हुई टक्कर में एक चालक व खलासी गम्भीर रूप से घायल हो गए। हादसे के कारण राजमार्ग पर जाम लगने से यातायात प्रभावित हुआ।
जानकारी के अनुसार बीकानेर की तरफ से कोयला भरकर सूरतगढ़ जा रहे ट्रेलर की लालेरा बस स्टैंड के पास देर रात करीब 2 बजे सामने से आ रहे खाली ट्रेलर से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के सामने का हिस्सा पूर्णतया क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बीकानेर जा रहे ट्रेलर के चालक व खलासी गम्भीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर महाजन से 108 एम्बूलेंस व पुलिस मौके पर पहुंची।
एम्बूलेंस के चालक पूनमचंद कूकना ने बताया कि हादसे में सुरनाणा निवासी 27 वर्षीय रामरख व एक उसका साथी घायल हो गए। दोनों घायलों को महाजन अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर के पीबीएम अस्पताल के लिए रैफर कर दिया गया। दूसरी तरफ सड़क के बीच हुए हादसे के कारण राजमार्ग पर यातायात बाधित हो गया। सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने देर रात तक भागदौड़ करते हुए जाम खुलवाकर आवागमन सुचारू करवाया।