
बीकानेर/लूणकरनसर. तहसील क्षेत्र में बुधवार रात अचानक बदले मौसम से आधा दर्जन से अधिक गांवों में ओलावृष्टि हुई। इससे खेतों में खड़ी फसलें तबाह हो गई। इधर बीकानेर और आस-पास के क्षेत्र में दिनभर बादल छाए रहे। देर रात बादल तेज गर्जन करते रहे। कई जगह हल्की बूंदाबांदी भी हुई।
लूणकरनसर क्षेत्र के ग्राम नाथवाणा, चक 247 आरडी, भाडेरा, 2 बीएचएम, कांकड़वाला, गोपल्याण के एलकेडी चकों, चारणा वितरिका के नहरी क्षेत्र में जबरदस्त ओलावृष्टि हुई है। ओलों से जमीन पर सफेद चादर बिछ गई। कई जगह रसगुल्ले के आकार के ओले भी गिरे। इससे खेतों में खड़ी गेहूं की फसल पूरी तरह तहस-नहस हो गई।