
बीकानेर. पाकिस्तान के कराची से चल रही हवाएं राजस्थान की सरहदों को पार कर बीकानेर सहित प्रदेश में धूल का गुबार उठा रही हैं। चार दिनों से इन हवाओं ने इलाका वासियों को परेशान कर रखा है। मौसम विभाग की माने तो अभी ४८ घंटे यानी दो दिन और आंधी को झेलना पड़ेगा। बाद में बारिश होने का अनुमान है जिससे कुछ राहत मिल सकती है।
बीकानेर के खाजूवाला सहित चूरू, बाड़मेर तथा जोधपुर में कम दबाव होने से पश्चिमी हवाएं धोरों की मिट्टी को आसमान में पहुंचा रही हैं। बीकानेर अंचल में गुरुवार सुबह से ही तेज हवाओं के साथ आंधी का दौर शुरू हुआ जो रात तक चलता रहा। १५ किलोमीटर प्रति घंटे से चली हवाओं से हालांकि तपिश कुछ कम हुई लेकिन धूल से लोगों का दम घुटने लगा है।
धूल के गुबार से दृश्य क्षमता कम रह गई है। इससे वाहन चालकों को दिन के समय भी वाहनों को चलाने में परेशानी हुई। गुरुवार को सुबह से चली आंधी देर रात तक जारी थी। तापमान दो डिग्री की गिरावट के साथ ३९.७ डिग्री पर आ गया। आंधी के साथ घरों में आई मिट्टी को साफ करने में गृहणियां जुटी रही। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो दिनों तक मौसम में एेसा ही रहेगा। आसमान में धूल के गुबार ही रहेंगे। वहीं इसी माह बारिश की संभावना नहीं है लेकिन जुलाई में बारिश होगी।