
नगर निगम ने खींच रखे हैं मेले की व्यवस्थाओं से हाथ
जयपुर। जयपुर के निकट भावगढ़ बंध्या में खलकाणी माता के यहां करीब 500 वर्ष से लगने वाला गधों का मेला इन दिनों अपने परवान पर है। बड़ी संख्या में खरीदार गधों व घोड़ों की खरीद—बिक्री के लिए मेले में पहुंचे हैं। इस बार मेले में गधों को अच्छा भाव मिल रहा है। वहीं घोड़ों की पूछ इस बार कम हो रही है। मेले में हर वर्ष व्यवस्थाएं नगर निगम करता आया है, लेकिन इस बार मेले की व्यवस्थाओं से नगर निगम ने भी हाथ खींच रखे हैं। ऐसे में मेला आयोजन समिति ने अपने स्तर पर ही मेले की व्यवस्थाएं की हैं।
मेले में इस बार गधे कम आने और उनके कद्रदान ज्यादा संख्या में पहुंचने से गधों के भाव बढ़ गए हैं। आलम यह रहा मेले में कल शाम तक आए गधे मेला शुरू होने से पहले ही बिक गए। यहीं नहीं ***** मालिकों के मनमाफिक कीमत भी उन्हें मिल रही है। वहीं दूसरी ओर से मेले में बिकने के लिए आए घोड़े—घोड़ियों की सही कीमत नहीं लग रही है। इससे व्यापार मायूस नजर आ रहे हैं।
पानी की कोई व्यवस्था नहीं
नगर निगम प्रशासन ने इस बार मेले के आयोजन से हाथ खींच लिए हैं। निगम प्रशासन ने मेले में आने वाले जानवरों के लिए पानी की व्यवस्था भी नहीं की है। नगर निगम ने मेले में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए स्टेज भी नहीं लगाया है। नगर निगम मेले में आने वाले गर्दभ—घोड़ों की खरीद फरोख्त की खूंटा पर्ची और रवन्ना पर्ची काटता है, लेकिन इस बार निगम प्रशासन ने यहां पर पर्ची काटने के लिए काउंटर नहीं लगाया है।