जयपुर. राजधानी के कई इलाकों में मंगलवार तड़के तेज बारिश हुई, जिससे जगह-जगह पानी भर गया। इस दौरान कई बड़े हादसे होते-होते बचे। अम्बाबारी नाले में दो पम्प ट्रेक्टर डूब गए। ट्रेक्टर नाले के किनारे पर ही खड़े थे, गनीमत यह रही कि चालक उस समय वहां नहीं थे। काफी मशक्कत के बाद क्रे न की मदद से ट्रेक्टर को बाहर निकाला गया।
बारिश के कारण अजमेर रोड़ पर सड़क किनारे मिट्टी में कटाव के कारण वहां खड़ा ट्रक धंस गया। ड्राइवर सड़क किनारे ट्रक खड़ा कर नजदीक ही कुछ काम से गया था, लेकिन कटाव के कारण वजनी ट्रक मिट्टी में धंस गया। डे्रनेज सिस्टम सही नहीं होने के कारण शहर में कई अन्य जगहों पर पानी भर गया। छोटी चौपड़ पर पानी भरने के कारण सुबह-सुबह ट्रेफिक जाम की समस्या से भी लोगों को जूझना पड़ा। मानसरोवर के गोविंद विहार विस्तार से भी दो लोगों के नाले में डूबने की सूचना मिली। हालांकि दोनों को बचा लिया गया। शहर में कई अन्य मामले भी सामने आए, हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली।