
जयपुर।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने 2017 में जयपुर प्रवास के दौरान विस्तारकों को मोटरसाइकिल देने के निर्देश जारी किए थे। इसके बाद शाह इस साल जुलाई में फिर जयपुर आए, लेकिन विस्तारकों को ये बाइक नहीं दी गई। अब शाह 11 सितंबर को फिर जयपुर आ रहे हैं। शाह की नाराजगी से बचने के लिए पार्टी ने 101 मोटरसाइकिल की खरीद की है।
भाजपा मुख्यालय पर सोमवार को 26 मोटसाइकिल आई, जिन्हें भाजपा के संभाग विस्तारकों को दिया जाएगा। एक मोटरसाइकिल की कीमत करीब 38 हजार रुपए बताई जा रही है। इन कमल बाइक्स पर भाजपा और सरकार की योजनाओं से जुड़ें लोगो और स्टीकर लगाए जाएंगे। इससे पार्टी की योजनाओं का प्रचार हो सकेगा।
पूर्णकालिक विस्तारकों को मिलेगी बाइक
शाह के निर्देश पर प्रदेश भाजपा के सभी पूर्णकालिक विस्तारकों को यह कमल बाइक देने की योजना है। हर विधानसभा क्षेत्र में एक पूर्णकालिक विस्तारक तैनात किया गया है, जिन्हें यह बाइक दी जाएगी।
मतदाताओं से संपर्क है उद्देश्य
शाह के साथ बैठक के दौरान विस्तारकों ने साधन नहीं होने की बात कही थी। इस पर शाह ने निर्देश दिए थे कि विस्तारकों को बाइक दी जाए, ताकि ये अपने विधानसभा क्षेत्र में घूमकर मतदाताओं से संपर्क साधें। इससे पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाया जा सकेगा। बाइक मिलने के बाद विस्तारकों को आवागमन के लिए इधर-उधर नहीं ताकना पड़ेगा।