अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर राज्य स्तरीय सम्मान समारोह
—आज हुई ‘नौबतबाजा’ की लॉचिंग
—समारोह में पहुंची प्रदेश भर की करीब 600 महिलाएं व बेटियां
जयपुर
आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस है और इस मौके पर हर साल की तरह इस वर्ष भी राज्य सरकार की ओर प्रदेश की बेटियों व महिलाओं के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया गया। विभाग की ओर से आज सुबह दुर्गापुरा स्थित राज्य कृषि प्रबंध संस्थान में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। समारोह की मुख्य अतिथि के रुप में विभाग की राज्य मंत्री ममता भूपेश शामिल हुई।
कार्यक्रम की शुरुआत इंटरनेट आधारित रेडियो चैनल ‘नौबतबाजा’ की लांचिंग से हुई। इसके बाद महिला सशक्तीकरण पर आधारित मेरी आवाज नृत्य नाटिका प्रस्तुत की गई। जिसमें महिलाओं के जीवन से जुड़ी विभिन्न कहानियों का उतार—चढ़ाव देखा गया। इसके बाद विभाग की ओर से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही इन जानकारियों का लाभ कैसे लिया जाए इस पर भी यहां मौजूद महिलाओं को बताया गया।
कुसुमलता को महिला शक्ति पुरस्कार—
समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी वर्कर, सहायिकाएं और साथिनें भी सम्मानित की गई। इसके अलावा महिला सशक्तीकरण की दिशा में बेहतर काम करने वाली कुसुमलता जैन को राज्य स्तरीय महिला शक्ति पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कुसुमलता पिछले 32 वर्षो से महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक सशक्ती व सुरक्षा के लिए काम कर रही है। इन्होंने कई महिलाओं को जहां रोजगार से जोड़ने में मदद की है वहीं कुष्ठ पीड़ित व दिव्यांग महिलाओं को भी प्रशिक्षण दिलाने में भूमिका निभाई है।
इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों की 8 उन महिलाओं को भी राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया जिन्होंने अपने—अपने क्षेत्र में बेहतर काम किया है। इस दौरान योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी भी लगाई गई। महिला अधिकारिता विभाग के निदेशक पीसी पवन ने बताया कि इस समारोह में प्रदेश भर से करीब 600 महिलाएं व बेटियां शामिल हुई है।