
पूर्व मंत्री रामकिशोर सैनी भाजपा में आए, बांदीकुई से टिकट तय
बांदीकुई विधायक डॉ. अल्का सिंह को सूचना तक नहीं दी
जयपुर। पूर्व मंत्री रामकिशोर सैनी एवं अशोक सिंह धाभाई ने समर्थकों के साथ शुक्रवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। सैनी भाजपा से कांग्रेस में गए थे और अब कांग्रेस से वापस भाजपा में आए हैं। बांदीकुई विधानसभा क्षेत्र से भाजपा से उनका टिकट तय माना जा रहा है। बांदीकुई से भाजपा विधायक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. अल्का सिंह गुर्जर को इसकी सूचना तक नहीं दी गई।
प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी ने भाजपा के प्रदेश मीडिया सेंटर में रामकिशोर सैनी एवं अशोक सिंह धाभाई के साथ उनके कई समर्थकों को भाजपा की सदस्यता ग्रहण करवाई। इस अवसर पर सैनी ने कहा कि बांदीकुई से विधायक रहे रामकिशोर सैनी तथा अशोक सिंह धाभाई अपने ही विचार परिवार के हैं। उन्हें कांग्रेस में घुटन महसूस हो रही थी। उल्लेखनीय है कि रामकिशोर सैनी अशोक गहलोत सरकार में मंत्री भी रहे हंै। गौरतलब है कि अशोक सिंह धाभाई 1993 में करौली विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी रहे हंै। अशोक सिंह धाभाई के पिता महुआ, बयाना तथा करौली से विधायक रहे हैं एवं भैरों सिंह शेखावत की सरकार में मंत्री भी रहे हैं।
—————
कांग्रेस में दम घुट रहा था। आज भाजपा में आकर अच्छा लग रहा है। मैं पूरी निष्ठा से बिना शर्त पार्टी की सेवा करूंगा। टिकट देने की कोई डील नहीं हुई है। यह विशुद्ध रूप से मेरी घर वापसी है।
– रामकिशोर सैनी
—————
मुझे कोई जानकारी नहीं है कि रामकिशोर सैनी ने भाजपा ज्वाइन की है। मुझे इस संबंध में न तो पार्टी ने कुछ बताया और न ही इस विषय को लेकर मेरी कोई राय ली गई।
– डॉ. अल्का सिंह गुर्जर, विधायक, बांदीकुई