जोधपुर. कार्मिक विभाग ने गुरुवार देर रात एक आदेश जारी कर भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 34 अफसरों के तबादले किए। पुलिस महानिरीक्षक आलोककुमार वशिष्ठ अब जोधपुर के नए पुलिस कमिश्नर होंगे। उप महानिरीक्षक एचजी राघवेन्द्र सुहासा जोधपुर रेंज में आईजी पद पर लगाए गए हैं। तीन साल ग्यारह महीने अपने गृह जिले में पुलिस आयुक्त रहने वाले अशोक राठौड़ को पुलिस महानिरीक्षक (एसओजी) जयपुर लगाया गया है। कार्मिक विभाग के संयुक्त शासन सचिव अरविंदकुमार पोसवाल की ओर से जारी आदेश के तहत आईजी आलोक कुमार वशिष्ठ पुलिस कमिश्नर जोधपुर, डीआईजी एचजी राघवेन्द्र सुहासा रेंज जोधपुर, डॉ विष्णुकांत पुलिस अधीक्षक (एसीबी) जोधपुर, जयनारायण पुलिस अधीक्षक (सीआईडी एसएसबी) जोधपुर, डॉ. गगनदीप सिंगला पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय व यातायात) जोधपुर लगाए गए हैं। इसके अलावा मनीष अग्रवाल बाड़मेर के नए पुलिस अधीक्षक होंगे। गत 19 जुलाई को शरद चौधरी के बाड़मेर एसपी लगाए जाने वाला आदेश रद्द कर दिया गया है। इसके अलावा अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) धर्मचंद जैन के पास सरदार पटेल पुलिस विश्वविद्यालय जोधपुर के प्रो वीसी, डॉ. विष्णुकांत कमाण्डेंट प्रथम बटालियन आरएसी जोधपुर, जयनारायण एसपी (जीआरपी) जोधपुर का कार्यभार भी संभालेंगे।