
जोधपुर.खारिया मीठापुर निकटवर्ती गांव रामपुरिया के खेत में काम कर रहे पति-पत्नी पर हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। थानाधिकारी मनीष देव ने बताया कि कालाऊना ग्राम पंचायत के रामपुरिया निवासी किसनाराम पुत्र शंकराराम चौकीदार खेत में ट्रैक्टर-कल्टी से कढ़ाई कर रहा था। उसी दौरान चेनाराम, कैलाश, नवसर पत्नी चेनाराम, प्रहलाद व भगवान राम चौकीदार उसके खेत पहुंचे। वहां चेनाराम व किसनाराम में खेत में कढ़ाई को लेकर बेहस हुई। गुस्से में आए चेनाराम ने जान से मारने की धमकी देते हुए किसनाराम को पत्थर से मारा जिससे वह खून से लथपथ हो गया। मारपीट होते देख पास के खेत में काम कर रही किसनाराम की पत्नी कमला देवी, हुकमाराम व प्रकाश बचाने के लिए मौके पर पहुंचे। हमलावरों ने किसनाराम की पत्नी के साथ भी मारपीट की व लज्जा भंग करने का प्रयास किया। जान से मारने की धमकी से डरते हुए किसनाराम अपनी पत्नी के साथ वहां से भागा तो हमलावर उसका ट्रैक्टर-कल्टी लूट कर अपने साथ ले गए। पुलिस ने पांच नामजद लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं घायल किसनाराम को अस्पताल में भर्ती करवाया व उसकी पत्नी का मेडिकल करवाया।