जोधपुर . वार्ड १० व ११ के क्षेत्रवासियों ने नगर निगम में महापौर कक्ष के बाहर धरना देकर नारेबाजी की। महापौर घनश्याम ओझा व राज्यमंत्री मेघराज लोहिया के वार्ड के क्षेत्रवासी वार्डों में बदहाल सफाई व्यवस्था के चलते नगर निगम में महापौर का घेराव करने पहुंचे। महापौर के कक्ष में नहीं होने पर महिलाओं ने कक्ष के बाहर बैठकर प्रदर्शन किया और आयुक्त ओमप्रकाश कसेरा को ज्ञापन दिया। आयुक्त ने व्यवस्था बनाने का आश्वासन दिया, तब कहीं जाकर लोग शांत हुए। क्षेत्रवासियों का कहना है कि वार्ड नम्बर ११ महापौर का और वार्ड १० राज्यमंत्री लोहिया का वार्ड होने के बावजूद वार्डों में गंदगी का आलम है। वहां स्थित उम्मेद सागर नहर के हाल भी बदहाल है। उन्होंने कहा कि सात दिन में व्यवस्था नहीं सुधारी तो धरना देकर प्रदर्शन किया जाएगा।गौरतलब है कि इस संबंध में राजस्थान पत्रिका ने २३ फरवरी के एक्सपोज में ‘व्यवस्था पर फिर से फिर गई झाडूÓ शीर्षक से खबर प्रकाशित कर दोनों वार्डों के हाल बयां किए थे।