
जोधपुर . संभाग में मंगलवार को भी तेज गर्मी बनी रही। फलोदी 47.2 डिग्री सेल्सियस के साथ झुलसता रहा। जोधपुर, बाड़मेर और जैसलमेर में तापमान 45 डिग्री के आसपास रहा। गर्मी से राहत के लिए लोगों को दिनभर कूलर-एसी के आगे रहना पड़ा। मौसम विभाग ने तेज गर्मी जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है।
सूर्यनगरी में मंगलवार सुबह तापमान 30.2 डिग्री था। भोर के साथ ही सूरज के आंखें तरेरने से लोग गर्मी से हलकान होने लग गए। कुछ ही देर में भीषण गर्मी से खुले में पड़ी वस्तुएं तवे की भांति तपने लग गई। सुबह दस बजे के बाद घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। दोपहर होते होते पारा 43 डिग्री पर पहुंच गया। गर्मी में लोग पसीना-पसीना हो गए। सूर्यास्त के बाद भी इमारतें गर्म रहने से गर्मी से राहत नहीं मिल पाई। जिले के ग्रामीण हिस्सों में भी एेसा ही मौसम रहा।
बाड़मेर और जैसलमेर में भी गर्मी ने क्षेत्रवासियों को झकझोर दिया। आसमां से बरसे अंगारों से धोरे जल रहे थे। बाड़मेर में दिन का तापमान 44.6 व रात का 26.7 डिग्री रहा। जैसलमेर में न्यूनतम तापमान 26.5 व अधिकतम 45 डिग्री रहा।