14 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कानपुर
शिवपाल के बयान पर अखिलेश का पलटवार, बीजेपी के खिलाफ समाजवादी लड़ रहे धर्मयुद्ध
Play video

शिवपाल के बयान पर अखिलेश का पलटवार, बीजेपी के खिलाफ समाजवादी लड़ रहे धर्मयुद्ध

नरेश उत्तम के बेटे की शादी में शामिल हुए अखिलेश यादव, चाचा शिवपाल और राजा भईया पर कसा तंग, इनके नए दल बना लेने से समाजवादी पार्टी को नहीं पड़ेगा फर्क

Google source verification

कानपुर। समाजवादी सेक्यूलर मोर्चा के संस्थापक शिवपाल यादव ने इटावा स्थित रोड शो के दौरान भतीजे अखिलेश पर जुबानी हमला करते हुए कहा कि हम धर्मयुद्ध लड़ रहे हैं और जनता के आर्शीवाद से मोर्चे को लोकसभा चुनाव में प्रचंड जीत मिलेगी। चाचा के बयान पर अखिलेश यादव ने इशारों-इशारों पर पलटवार करते कहा कि जब भी देश में संकट आता है तो समाजवादी लोग घरों से निकल कर रण के मैदान में उतर पड़ते हैं। आज के वक्त हालात बहुत खराब हैं और इसी के चलते हम बीजेपी को सियासी रण के मैदान में पटखनी देने के लिए हमारा धर्मयुद्ध जारी है। जबकि एबीसीडी दल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए काम कर रहे हैं। उनके चले जाने से हमें कोई नुकसान और परवाह नहीं है। क्योंकि हम सच के साथ खड़े हैं और जनता अपने वोटों के जरिए निर्णय अगले साल कर देगी।

वो बीजेपी के लिए कर रहे काम
समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम के बेटे की शादी समारोह में भाग लेने के लिए पूर्व सीएम अखिलेश यादव कानपुर पहुंचे। यहां उनका समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस मौके पर अखिलेश यादव ने कानपुर के सियासी समर पर संगठन के अलावा विधायकों के साथ चर्चा की और लोकसभा चुनाव में जुट जाने को कहा। अखिलेश ने कहा कि बीजेपी को हार का भय सता रहा है और इसी के चलते वो अब एबीसीडी नाम के नए-नए दलों का गठन करवा वोट काटवाना चाहती है। पर जनता उनके इस मंसूबे को भलीभांति जान चुकी है। चाचा शिवपाल के सेक्युलर मोर्चा बनाने और अपने को पांडव कहने के प्रश्न पर अखिलेश ने मुंह से तो ज्यादा कुछ नहीं कहा। हां उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि हमलोग धर्मयुद्ध लड़ रहे हैं, वहीं हमारी साथी बीजेपी को जिताने के लिए लगे हुए हैं। इनके चले जाने से समाजवादी पार्टी को कोई फर्क नहीं पड़ने वाला।

जो हमारी संस्कृति का मजाक है
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा जनता से तो झूठ बोल ही रही है और अब तो कुंभ में भी खिलवाड़ कर रही है। जिसके चलते आगामी वर्ष होने वाले अर्धकुंभ को कुंभ मेला कहा जाने लगा जो हमारी संस्कृति का मजाक है। कहा, भाजपा ने तो सिर्फ धोखा दिया और किस किसको धोखा देंगे यह तो आने वाला समय ही बताएगा। जबकि कन्नौज के राजा हर्षबंधन ने कुंभ में सबसे बड़ा योगदान दिया था लेकिन भाजपा ने कुंभ में उनके नाम के लिए कुछ नहीं सोचा। वहीं इलाहाबाद का नाम प्रयागराज बदलकर सिर्फ राजनीति की जा रही है। कानपुर के विकास पर कहा कि सपा सरकार में जितना विकास कानपुर का हुआ है उतना यह लोग कभी नहीं कर पाएंगे। हां यह जरूर है कि जनता को दिलासा दिलाने के लिए इस शहर को स्मार्ट सिटी का दर्जा दे दिया है पर काम कुछ नहीं होने वाला है। सपा सरकार में गंगा के किनारे ट्रांस गंगा सिटी बना रही थी लेकिन भाजपा सरकार वह भी ठप हो गयी।

दर्द से रो रहा कानपुर
अखिलेश यादव ने कहा कि कानपुर में देखा जा रहा है कि हर तरफ गंदगी का अंबार लगा हुआ है और सड़कों पर गड्ढे ही गड्ढे नजर आ रहे है क्या इसी तरह की स्मार्ट सिटी होती है। कानपुर में गंगा सबसे ज्यादा मैली है लेकिन भाजपाइयों को नजर नहीं आता है। आगे कहा कि सपा सरकार ने लखनऊ में मेट्रो बनाई और यहां भी शुरुआत की थी लेकिन भाजपा सरकार आने के बाद मेट्रो का काम ठंडा पड़ गया है और सुनने में आ रहा है कि जिसने कभी मेट्रो नहीं बनायी उसको ठेका मिलने जा रहा है। अखिलेश ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा की सरकार जाना तय है। इसके लिए समाजवादी पार्टी ने अपनी तरफ से समान विचारधारा वाले दलों के साथ दोस्ती का हाथ बढ़ाया है और हम सभी लोग मिलकर इन्हें दिल्ली की सत्ता से बाहर कर के ही दम लेंगे।

खुले हैं सभी विकल्प
समाजवादी पार्टी के प्रमुख ने कहा कि बसपा के साथ गठबंधन का हम पहले ही ऐलान कर चुके हैं। अब बसपा प्रमुख मायावती को निर्णय लेना है। हमने तो बीजपी को हराने के लिए कमर कस ली है। यूपी में सपा का सीधा मुकाबला बीजीपी के साथ होगा। अखिलेश ने कांग्रेस के साथ गठबंधन के प्रश्न पर सीधे उत्तर न देते हुए इतना जरूर कहा कि पार्टी की तरफ से सारे विकल्प खुले हैं। समाजवादी लोग देश को बांटने वालों के हर-हाल में सत्ता से हटाना चाहता हैं और इसके लिए जो भी कुर्बानी देनी पड़ेगी वो हम देंगे। अखिलेश ने बताया कि आगामी पांच राज्यों के चुनाव में बीजेपी का सूफड़ा साफ हो जाएगा। मध्यप्रदेश में समाजवादी पार्टी डटकर चुनाव लड़ रही है और वहां हमारे बिना सहयोग के सरकार नहीं बनेंगी।