
कोटा. हाड़ौती के तीन दिन के प्रवास पर रही मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे दूसरे दिन बुधवार को कोटा जिले के पीपल्दा विधानसभा क्षेत्र के इटावा कस्बे में पहुंची। दोपहर 1 बजे यहां पहुंची मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। लोगों की समस्याएं सुनी।
साथ ही दिव्यांगों को 10 ट्राइसाइकिल, 19 स्कूटियां, प्रधानमंत्री आवास योजना के 5 लाभार्थियों केा स्वीकृति प्रपत्र, उज्जवला योजना के तहत पांच महिलाओं को गैस कनेक्शन वितरित किए गए। यहां सुबह से ही ग्रामीण भरी दुपहरी में परेशान रहे। अव्यवस्थाओं से नाराज किसानों ने कहा, वे बुलावे पर यहां आए हैं, लेकिन यह पानी तक की व्यवस्था नहीं मिली। कार्यक्रम में लोग समस्याएं कागज पर लिखकर लाए। जिला कलेक्टर गौरव गोयल ने सभी लोगों से समस्या लिखे कागज लिए और उन्हें समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।