
कोटा .
रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र में बुधवार रात को कुछ लोगों ने एक युवक की धारदार हथियारों से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। हत्या के बाद परिजनों ने आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अस्पताल में हंगामा कर दिया। वहीं हत्या से पहले का युवक का एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें उसने दो जनों के नाम लेते हुए उनसे जान को खतरा होना बताया है।
जानकारों के अनुसार महात्मा गांधी कॉलोनी निवासी विजय सिंह (20) पुत्र महेन्द्र सिंह की कुछ लोगों ने बुधवार रात को रेलवे अस्पताल के पास हत्या कर दी। 4-5 लोग घात लगाकर बैठे थे। जैसे ही विजय वहां से गुजरा तो उन लोगों ने उस पर हथियारों से हमला कर दिया। उसके चेहरे पर गहरी चोट लगने से खून ही खून हो रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव लेकर एमबीएस अस्पताल गए। वहां युवक के परिजन और अन्य लोगों ने आरोपितों की गिरफ्तारी पर ही शव उठाने की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। मृतक के बड़े भाई का कहना है कि एसपी को शिकायत देने के बाद भी उनके भाई की हत्या कर दी गई। वह एसपी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। अस्पताल में एएसपी उमेश ओझा, उप अधीक्षक शिव भगवान गोदारा और सीआई शिवराज गुर्जर समेत बड़ी संख्या में पुलिस जाप्ता तैनात रहा। देर रात तक पुलिस परिजनों को समझाने व आरोपितों की तलाश में जुटी रही।