
कोटा/सुल्तानपुर. गढ़ेपान गांव में स्थित शराब ठेके के सेल्समैन ने मामूली विवाद पर गांव के ही एक युवक को पीट-पीट कर अधमरा कर दिया। सेल्समैन इस कदर हैवानियत पर उतर आए कि उन्होंने युवक के सिर पर शराब की कई बोतलें फोड़ दी। इससे भी उनका मन नहीं भरा तो फूटी हुए एक बोतल उसके मुंह में ठूंस दी। गंभीर हालत में युवक को झालावाड़ रोड़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं दूसरी ओर पुलिस तीन दिन तक मामले को दवाए बैठी रही। जिससे आक्रोशित महिलाओं ने रविवार को ठेके पर ताला जड़ दिया।
Read More: गुनिशा हत्याकांड: आखिर कौन था वो दरिंदा जिसने 6 साल की मासूम को उतारा मौत के घाट, परिजन लगा रहे एक-दूसरे पर आरोप, पुलिस के हाथ खाली
सीमलिया पुलिस ने बताया कि गड़ेपान निवासी मनोज मीणा (25) पुत्र मदनलाल मीणा 30 मई को रात करीब 9 बजे गड़ेपान स्थित शराब ठेके के सामने से गुजर रहा था। तय समय के बाद भी ठेका खोलकर बैठे सेल्समैन को उसने टोक दिया। जिससे वह इतनी बुरी तरह भड़क गए कि मनोज को घेर लिया और उसके सिर पर शराब एवं बीयर की बोतलें दे मारीं। मनोज ने मदद के लिए लोगों को अवाज देनी चाही तो एक सेल्समैन ने बीयर की टूटी हुई बोतल मनोज के मुंह में ठूंस दी। जिससे उसके दांत टूटने के साथ ही जबड़ा और मुंह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद ठेका कर्मी ठेका बंद करके भाग निकले। कुछ देर बाद जब गांव के लोग उधर से गुजरे तो उन्होंने मनोज को लहु लुहान हालत में देख परिजनों को सूचित किया। जिसके बाद वह उसे लेकर कोटा आए और झालावाड़ रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।
भड़के ग्रामीण
घटना के तीन दिन बाद भी जब पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की तो ग्रामीण भड़क गए। उन्होंने ठेके पर ताले जड़ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। जिसके बाद सीमलिया पुलिस आनन-फानन में गांव पहुंची और उन्हें जल्द से जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया तब जाकर ग्रामीणों का आक्रोश शांत हुआ। सीमलिया थानाधिकारी रविंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने कोटा जाकर घायल के पर्चा बयान लेने की कोशिश की, लेकिन युवक के मुंह में गंभीर चोट लगने से अभी सही ढंग से बोल नहीं पा रहा। पुलिस ने घायल युवक के पिता की रिपोर्ट पर दो सेल्समैन के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।