
कोटा. कोटा जिले की कैथून नगर पालिका क्षेत्र के जागलहेड़ी गांव में शनिवार रात जमीन विवाद को लेकर दो दोस्तों में झगड़ा हो गया। मौका पाकर आरोपियों ने देर रात दोस्त को बहाने से घर से बाहर बुलाकर चाकू, तलवारें और गंडासों से जानलेवा हमला कर फरार हो गए। युवक के चिल्लाने की आवाज सुन परिजन बाहर आए और खून से लतपथ सत्यनारायण को कैथून अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना पर कैथून सहित तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना कर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। रविवार सुबह पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार कैथून कस्बे के जागलहेड़ी गांव निवासी सत्यनारायण ने अपने दोस्त देवकिशन से जमीन बेचने को लेकर पाटनरशिप की थी। जमीन बेचान के पैसों को लेकर अक्सर दोनों में विवाद की स्थिति रहती थी। कुछ समय पहले देवकिशन ने किसी व्यक्ति से जमीन बेचने के लिए सौदा कर लिया। जब सत्यनारायण को इस सौदे की जानकारी लगी तो वह कमीशन मांगने लगा। इसी को लेकर दोनों में विवाद बढ़ गया और नौबत गाली-गलौच के साथ हाथापाई तक पहुंच गई। इसके बाद दोनों वहां से चले गए।
इसके बाद देवकिशन अपने पांच-छह साथियों के साथ सत्यनारायण के घर पहुंचा और किसी बहाने से बाहर बुलाया। पहले से ही घात लगाकर बैठे अरोपियों ने सत्यनारायण पर चाकू, तलवारे और गंडासों से ताबड़तोड़ वार कर भाग गए। युवक की चीख सुन परिजन बाहर निकले तो सड़क पर सत्यनारायण लहुलूहान हालत में पड़ा हुआ था। परिजन उसे एमबीएस अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
Read More: गैंगरेप मामला: कोर्ट ने माना पुलिस उपाधीक्षक ने नहीं निभाया अपना कर्तव्य, जांच में छोड़ी ये कमियां
बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। हत्या की सूचना पर क्षेत्र में तनाव फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। हालातों को देखते हुए तीन थानों की पुलिस जाब्ता के साथ जागलखेड़ी गांव पहुंची। जहां अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। पुलिस ने रविवार सुबह पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप। गमगीन माहौल में परिजनों ने मृतक का अंतिम संस्कार किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।