मंडला. बूथ विजय अभियान, नारी शक्तिवंदन एवं लाभार्थी संपर्क अभियान के कार्यक्रम में शामिल होने शहरी विकास आवास व संसदीय कार्यमंत्री एवं लोकसभा क्लस्टर प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय पहुंचे। भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में उन्होंनेे कहा कि आमजनता, प्रबुद्धजनों के सुझाव और मार्गदर्शन लेकर भारतीय जनता पार्टी लोकसभा का संकल्प पत्र तैयार करेगी।
देश के हित के लिए जनहित योजनाओं के लिए भारत के विकास में संकल्प पत्र की अवधारणा कैसी होगी इसके लिए विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से संवाद कर संकल्प पत्र तैयार किया जाएगा। यहीं भारतीय लोकतंत्र की पहचान है जिसे सिर्फ भारतीय जनता पार्टी ने कायम रखा है। विजयवर्गीय ने कहा कि संगठन के बिना सत्ता संभव नहीं है। हमने हमेशा संगठन को प्रमुखता दी है बूथ विजय अभियान का शुभारंभ कर हम प्रत्येक मतदान केंद्र में 370 वोट बढ़ाने का संकल्प लिया है जिस तरह धारा 370 को हटाया जाना हमारे लिए विशेष भावनात्मक संबंध रखता है। ठीक इसी तरह प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हम सभी कार्यकर्ता 370 वोट प्रत्येक बूथ में अधिक बढ़ाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी पिछले तीन माह से लगातार देशभर का दौरा कर 85 लाख करोड का भूमिपूजन शिलान्यास किया। सीएए पर उन्होंने कहा कि यह नागरिकता देने का कानून है किसी की नागरिकता छींनने का कानून नहीं है। कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दल देश की जनता को गुमराह कर रहे हैं।
विजयवर्गीय ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत देश के बढ़ते कदम तथा विश्व में देश की बढ़ रही साख के विषय में बात कही। उन्होंने कहा कि फग्गनसिंह कुलस्ते लगातार लोकसभा क्षेत्र में प्रवास संपर्क व संवाद कर आम जनता का विश्वास जीता है तथा क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयारत हैं। केंद्र सरकार व राज्य सरकार की विकास व जनकल्याणकारी योजनाएं क्षेत्र में स्पष्ट दिखाई दे रही हैं। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष भीष्म द्विवेदी नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, विधानसभा प्रभारी बिजेन्द्र कोकडिया, जिला मीडिया प्रभारी सुधीर कसार उपस्थित थे। कटरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विजयवर्गीय ने कहा कि मंडला जैसे आदिवासी अंचलंों में कुपोषित बच्चों में कमी आई हैं, मृत्यु दर कम हुई है, गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार दिया जा रहा है, किसानों के खाते में सीधे सम्मान निधि पहुंच रही है।