
मऊ. यूपी बिजली कर्मचारी संघ की ओर से शुक्रवार को संविदा पर काम करने वाले विद्युत वितरण कर्मियों ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर अपनी 12 सूत्री मांगों को लेकर शिवपरसन राम की अध्यक्षता में धरना प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कर्मचारियों ने पहले खुली सभा का आयोजन किया। इसके बाद जूलुस के रूप में विद्युत वितरण मंडल कार्यालय पहुंचे। यहां धरना के साथ प्रदर्शन किया गया।
बता दें कि संविदा बिजली कर्मियों ने अपनी समस्याओं को अवगत कराते हुए अधीक्षण अभियंता एसएस प्रसाद को ज्ञापन दिया संविदा पर काम करने वाले बिजली कर्मियों को पिछले एक वर्ष से कोई भी भुगतान नहीं मिला है। जबकि शासन और विद्युत कॉरपोरेशन के अंतर्गत सभी बिजली संविदा कर्मियों को प्रतिमाह भुगतान किए जाने का प्रावधान है। लेकिन कॉरपोरेशन और विभागीय लापरवाही के पेच में इन संविदा बिजली कर्मियों का भुगतान रुका हुआ है।
धरना प्रदर्शन में संगठन के प्रतिनिधियों के साथ-साथ सक्रिय कार्यकर्ताओं के साथ संविदा श्रमिको ने भाग लिया। धरने के दौरान 12 माह से रूके हुए वेतन आदि 12 सूत्री मांगों को और उनके समाधान की मांग की गई। धरने को संबोधित करते हुए कामरेड सूर्यदेव पांडेय ने कहा की बेरोजगारी का लाभ उठा कर स्थानीय विद्युत प्रबंधन संविदा कर्मचारियों का शोषण कर रहा है। इसका अनुमान इसी से लगाया जा सकता है कि प्रबंधन की लचर कार्यप्रणाली के कारण ऊर्जा निगम प्रबंधन द्वारा लगभग तीस आदेशो के बाद भी जिले के संविदाकर्मियो का आर्थिक शोषण बंद नहीं हो सका। आज संविदा कर्मचारियों का 12 माह से वेतन रुका है। इसके चलते कर्मचारियों के ईपीएफ से संबद्ध सामाजिक सुरक्षा का लाभ भी श्रमिकों को नही मिल पा रहा है। ईएसआई का कार्ड नही बनने से दुर्घटना की स्थिति में कर्मचारियों को ईलाज की सुविधा नही मिलती। प्रदर्शन के बाद अधिक्षण अभियंता को कर्मचारियों ने ज्ञापन सौंपा।
By- Vijay Mishra