
मेरठ। बागपत के बड़ौत थानाक्षेत्र स्थित बिजरौल गांव में मदरसे की दीवार पर कुछ असामाजिक तत्वों ने कालिख पोतकर माहौल खराब करने की कोशिश की। सोमवार सुबह मदरसे के मौलाना ने जब यह देखा तो उन्होंने गांव के सम्मानित लोगों को इसकी जानकारी दी। इस घटना को लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। बताया जा रहा है कि देर रात असामाजिक तत्व ने यह कारनामा किया है। हालांकि, गांव के लोग अमनपसंद हैं और उन्होंने सिर्फ मामले में सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। मदरसे की दीवार के साथ-साथ आसपास भी कालिख फेंकी गई है। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और लोगों को समझा बुझाकर माहौल को शांत कराया। पुलिस का कहना है कि जिसने भी माहौल खराब करने की कोशिश की है उससे सख्ती से निपटा जाएगा।