
मुरादाबाद। पूरी दुनिया की तरह ही जनपद में भी लोगों ने 31 दिसंबर की देर रात नए साल का जश्न मनाया। इस जश्न में कई युवक नशे में इतने चूर हो गए कि उन्हें अपना ही होश नहीं रहा। ऐसा ही एक नजारा मुरादाबाद-हरिद्वार मार्ग पर कैमरे में कैद हुआ। देर रात लगभग 1 बजे एक ही स्कूटी पर जश्न मनाकर लौट रहे तीन युवकों में से एक हाईवे पर गिर गया। तीनों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। उसके साथी उसे उठाने के लिए दौड़ पड़े। इस कारण हाईवे पर ट्रैफिक भी रुक गया। हाईवे पर गिरा युवक तो नशे में इतना चूर था कि वह खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। इसके बाद शुरू हुआ इन शराबी युवकों का ड्रामा। इसे देखकर लोगों को शोले के जय और वीरू की याद ताजा हो गई। युवक के साथी जब उसे उठाकर ले जाने लगे तो पीछे से उनके कई दोस्त बाइकों पर तीन-तीन की संख्या में बिना हेलमेट लगाए हुए वहां पहुंच गए। बाद में वे हुड़दंग मचाकर और शोर मचाते हुए चले गए। इस दाैरान काफी देर तक हाईवे पर ट्रैफिक प्रभावित रहा।