
पाली। जिले के जयपुर अहमदाबाद फोरलेन स्थित कीरवा-ढोला के बीच बीती रात एक मिनी बस को ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में एक की मौत हो गई, जबकि नौ जने घायल हो गए। यह सभी अजमेर शरीफ पर जियारत कर अहमदाबाद लौट रहे थे। हादसे के बाद शव को बांगड़ अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया, जहां सोमवार को पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार बीती रात 3 अजमेर से मिनी बस में अहमदाबाद जा रहे जायरिनों की बस कीरवा-ढोला के बीच स्थित बालराई के निकट रुकी थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार से ट्रक ने मिनी बस को टक्कर मार दी। इस हादसे के दौरान अफरा-तफरी का माहौल हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर सांडेराव और गुडाएंदला पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बांगड़ अस्पताल में पहुंचाया। घायलों के उपचार के दौरान चिकित्सकों ने अहमदाबाद निवासी सलीम पुत्र गफार को मृत घोषित कर दिया। हादसे में गंभीर घायल राजकोट निवासी राजूभाई को जोधपुर रेफर किया गया। बाद में मृतक सलीम का शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। जिसका सोमवार सुबह पोस्टमोर्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस दौरान अस्पताल में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
यह जायरिन हुए घायल
हादसे में मोहम्मद हुसैन, सलीमभाई, मुस्तिक अंसारी, असीर अहमद, गुलफ्सा बानो, हुसैन पुत्र कादर भाई, भिमाणा निवासी सवाराम पुत्र भेराराम, ताज मोहम्मद पुत्र सौकीन व आदिल पुत्र रसीद भाई घायल हो गए। इसके अलावा कई जनों को मामूली चोटें आई हैं।