
नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी के लिए शनिवार का दिन किसी सदमें से कम नहीं रहा। वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री एल.पी. शाही का 98 वर्ष की उम्र में शनिवार को ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एम्स) में निधन हो गया। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भावभिनी श्रद्धांजलि देने पहुंचे और शोक प्रकट करते हुए कहा कि उनकी कमी सबको खलेगी। बता दें कि एलपी शाही को गुरुवार को एम्स में भर्ती कराया गया था। राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा ‘एल.पी. शाही..स्वतंत्रता सेनानी, पूर्व केंद्रीय मंत्री और सीडब्ल्यूसी (कांग्रेस कार्यकारिणी समिति) के सदस्य की कमी हम सबको खलेगी. उन्होंने कहा, “दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदना और प्रार्थना उनके परिवार के साथ है. उनकी आत्मा को शांति मिले।’ बता दें कि एलपी शाही सबसे पहले 1980 में बिहार विधानसभा के लिए चुन गए थे। फिर उसके बाद 1984 में वे मुजफ्फरपुर से सांसद बने।