
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में आज भी बढ़ोतरी जारी रही और नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गईं। राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 80.38 रुपए प्रति लीटर हो गया तो डीजल 72.51 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं जयपुर में पेट्रोल के दाम आज 83.30 रुपए प्रति लीटर तो डीजल 77.21 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। क्या आपने कभी सोचा है कि हमारे देश में ही क्यों पेट्रोल की कीमतें इतनी ज्यादा हैं, जबकि पड़ोसी देशों में ऐसा नहीं है? आपको बता दें कि
पेट्रोल और डीजल पर लगने वाले टैक्स इसकी कीमत को लगभग दोगुना कर देते हैं। अब भी देश में सबसे बड़ी तेल कंपनी इंडियन ऑइल कॉर्पोरेशन 39.21 रुपए प्रति लीटर की दर से डीलर को पेट्रोल देती है जिसकी कीमत एक्साइज और VAT लगने के बाद दोगुनी हो जाती है।
सामान्य पेट्रोल पर 19.48 रुपए का उत्पाद शुल्क लगता है जबकि ब्रैंडेड पेट्रोल पर यह 20.66 रुपए है। वहीं सामान्य हाई स्पीड डीजल पर 15.33 रुपए और ब्रैंडेड डीजल पर 17.69 रुपए का उत्पाद शुल्क लगता है। वहीं राज्यों में VAT की दर अलग-अलग है। इसके अलावा एक ही राज्य में अलग-अलग शहरों में डीलर कमीशन की दर पेट्रोल पंप की लोकेशन के हिसाब से अलग-अलग हैं। पिछले साल अगस्त में तेल कंपनियों ने पेट्रोल पंप डीलरों का कमिशन 55 फीसदी तक बढ़ा दिया था। पेट्रोल पर 3 से 3.65 रुपए तक का कमिशन है और डीजल पर 2 से 2.62 रुपए तक का कमिशन दिया जाता है। आपको बता दें, एक्साइज ड्यूटी, VAT और डीलर कमिशन जोड़ने के बाद पेट्रोल और डीजल की कीमतें लगभग दोगुनी हो जाती हैं। भारत के रुपए के अनुसार वर्तमान में पाकिस्तान में पेट्रोल 57.83 रुपए, श्री लंका में 64.12 रुपए, नेपाल में 68.30 और बांग्लादेश में 73.06 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है।