
श्रीगंगानगर.
अदालत परिसर में रविवार दोपहर हवालात के पीछे वकीलों के चैंबर्स के पास दो कबाड़ जीपों व कचरे आदि में अज्ञात कारणों से आग लग गई। मामले की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया।
दमकलकर्मियों ने बताया कि अदालत परिसर में वकीलों के चैंबर्स के पास बंदियों को अस्थायी रूप से रखने वाली हवालात (बक्शीखाना) के पीछे कबाड़ में खड़ी जीपों के टायरों व कचरे में अज्ञात कारणों से आग लग गई। वहां अपने चैंबर्स में दो-तीन वकील किसी कार्य से आए हुए थे। जब उन्होंने कबाड़ से धुआं उठता देखा तो दमकलकर्मियों को सूचना दी।
इस दौरान वहां ड्यूटी पर तैनात न्यायिक कर्मचारी भी पहुंच गए। मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया। वकीलों की सतर्कता से यहां बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, वरना आग वकीलों के चैंबर्स में रखे फर्नीचर तक भी पहुंच सकती थी।