
मो. इलियास/उदयपुर. भाभी के मुंह से निकली दो तीन बात सच होकर अनहोनी होने पर साला-जीजा ने उसे डायन समझ लिया और शिकारी युवक को सुपारी देकर उस पर ही सोते हुए पर फायरिंग करवा दी। फायरिंग में भाभी घायल हो गई जबकि उसकी मासूम बेटी की मौत हो गई थी। पुलिस ने पानरवा थानाक्षेत्र के बुझा (डैया) गांव में चार दिन हुए इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए जीजासाला सहित तीन जनों को गिरफ्तार किया।
एएसपी (मुख्यालय) बृजेश सोनी ने बताया कि हुकली पत्नी कालू व उसकी पुत्री पूजा पर फायरिंग कर हत्या के मामले में पुलिस ने बूझा निवासी लक्ष्मण पुत्र दीता बरंडा, उसके सालाचोखली निवासी मुकेश पुत्र कमजी डामोर व रमेश पुत्र बसु भराड़ा को गिरफ्तार किया।
—
बच्ची की मौत होने पर भाभी को समझा डायन
थानाधिकारी मानसिंह चौहान ने बताया कि आरोपित लक्ष्मण व हुकली के परिवार के बीच जमीन का विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते वह झगड़ा करते हुए कुछ अनायास ही गुस्से में कुछ बोल देती थी। संयोगवश घटना के डेढ़ माह पूर्व हुकली ने उसकी बच्ची के लिए कुछ अपशब्द बोल दिया था जिसके बाद गुजरात में दुर्घटना में संयोगवश बच्ची की मौत हो गई। लक्ष्मण ने उसके बाद भाभी को डायन समझ लिया। उसी दिन उसने भाभी की हत्या सोचते हुए सालेेमुकेश से सम्पर्क किया। मुकेश ने शिकारी रमेश से बातचीत की और उसे 30 हजार रुपए में हत्या की सुपारी दे डाली।