
मो. इलियास/उदयपुर. मधुवन स्थित पंजीयन एवं मुद्रांक कार्यालय के बाहर दिनदहाड़े उचक्कों ने एक स्टाम्प वेंडर पर फायर कर सनसनी फैला दी। वेंडर सहित वहां मौजूद सभी लोग एकबारगी इधर-उधर भाग निकले। गोली वेंडर के बिल्कुल पास से होकर निकलने से वह बाल-बाल बच गया। पुलिस के मौके से पहुंचने से पहले आरोपित वहां से भाग छूटे। हाथीपोल थानापुलिस ने मामला दर्ज किया। अब तक जांच में फायरिंग के पीछे जमीन विवाद सामने आया है, पुलिस अभी मामले की जांच में जुटी है।
माली कॉलोनी सूजरपोल निवासी सोहनपुरी पुत्र नंदपुरी गोस्वामी ने बताया कि वह रजिस्ट्री कार्यालय द्वितीय में स्टाम्प वेंडर है। दोपहर को वह कार्यालय से बाहर परिसर में फोटो कॉपी करवाकर वापस जा रहा था तथा पीछे से एक युवक ने उसे गोस्वामी कहकर आवाज लगाई। मुड़कर देखा तो युवक के हाथ में पिस्टल थी, वह देखते ही वहां से कार्यालय की तरफ भाग निकला तभी युवक ने फायर कर दिया। गोली उसे पास से होकर आगे निकल गई। फायर की आवाज सुनते ही मौके पर जमा लोग एक बार इधर-उधर हो गए, तभी आरोपी दूर खड़े साथी के साथ मोटरसाइकिल पर भाग निकला। सूचना पर मौके पर पहुंची हाथीपोल थाना पुलिस ने वहां से कारतूस का खाली खोल व आवश्यक साक्ष्य लिए। गौरतलब है कि पिछले दिनों भी मोती चौहटटा क्षेत्र में भी कुछ युवकोंं ने भाजयुमो नेता पर फायर कर दिया था। इस मामले में चार जने गिरफ्तार हुए थे।