
वाराणसी. राफेल डील को देश का सबसे बड़ा घोटाला बताते हुए आम आदमी पार्टी ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री निर्मला सीतारण के खिलाफ जम कर हल्ला बोला। आप नेताओं ने राफेल डील को देश का अब तक का सबसे बड़ा घोटाला करार दिया। आप नेताओं ने कहा कि ऐसी सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं। उन्होंने राष्ट्रपति से इसे तत्काल बरखास्त करने क मांग की।
विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए आप के वाराणसी जिला अध्यक्ष मुकेश सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने 126 राफेल की डील को अचानक रद कर मात्र 36 राफेल डील की। यह तब जब वायु सेना ने देश की सुरक्षा की दृष्टि से 126 राफेल की मांग की थी। उस 126 राफेल में से 106 राफेल भारत की लडाकू विमान बनाने का अनुभव रखने वाली कंपनी हिंदुस्तान एरोनाटिक लिमिटेड (एचएएल) में 540 करोड़ रुपये प्रति राफेल की दर से बनानी थी। लेकिन केंद्र सरकार ने पुरानी प्रक्रिया को रद करते हुए नए सिरे से मात्र 36 राफेल का टेंडर अनुभवहीन उद्योगपति अनिल अंबानी की कंपनी को 1670 करोड़ रुपये प्रति राफेल की दर से दे दिया। इससे प्रति राफेल 1130 करोड़ रुपये एवं 36 राफेल क्रय करने में कुल 40600 करोड़ रुपये का घोटाला किया। यह रक्षा क्षेत्र में इतिहास का सबसे घोटाला जनता के सामने आया है।
जिला प्रवक्ता कैलाश पटेल ने कहा कि हिंदुस्तान एरोनाटिक ने सुखोई-50 जैसे लड़ाकू विमान बनाए हैं। इस कंपनी के पास 70 साल से विमान बनाने का अनुभव है। इसके बावजूद केंद्र सरकार ने एचएएल का टेंडर निरस्त कर नए सिरे से प्रक्रिया के तहत अपने नजदीकी मित्र अनिल अंबानी की कंपनी को राफेल बनाने का टेंडर 540 करोड़़ प्रति राफेल की दर के बजाय 1670 करोड़ की दर से दिया जो रक्षा क्षेत्र के इतिहास का सबसे बडा घोटाला है। राफेल के मामले में भ्रष्टाचार के सारे तथ्य फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति ओलांदा के बयान के बाद शेष नहीं रह जाता।
प्रदर्शन में संयुक्त रुप से जिला सचिव जयप्रकाश यादव व महानगर अध्यक्ष अखिलेश पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने 540 करोड़ का एक राफेल 1670 करोड़ में क्यों खरीदा। राफेल का टेंडर अनुभव रखने वाली एचएएल कंपनी को निरस्त कर अनुभवहीन अनिल अंबान की कंपनी को क्यों दिया गया। वायु सेना ने सुरक्षा की दृष्टि से 126 राफेल की मांग की थी बावजूद इसके मात्र 36 राफेल की डील क्यों की गई। उन्होने प्रधानमंत्री से मांग की कि व जनता को बताएं कि रक्षा क्षेत्र में राफेल सौदा में 40600 करोड़ का भ्रष्टाचार क्यों। ऐसी भ्रष्ट सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई औचित्य नहीं।
विरोध प्रदर्शन में जयप्रकाश यादव, मधु भारती, रौशन बरनवाल, गोपाल पांडेय, राहुल सिंह, प्रमोद श्रीवास्तव, कन्हैया मिश्र, राहुल त्रिवेदी , घनस्याम पांडेय, प्रेमशिला ,मो. युसूफ, अब्दुल्ला खान, टी.के. सिन्हा, पल्लवी वर्मा , गुलाब सिंह राठौर, मोहशीना, रोहित मौर्य, विनोद जायसवाल, रामजी पांडेय, अमिनुद्दीन, आबीद सेख, राकेश त्रीवेदी, सचिन, आर.के उपाध्याय, रविशंकर पटेल, सरोज शर्मा आदि शामिल रहे ।