
वाराणसी. बेरोजगारी, महंगाई, ध्वस्त कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर आंदोलित कांग्रेसजनों पर लखनऊ के कैसरबाग स्थित गांधी भवन में हुए लाठीचार्ज के विरोध में वाराणसी सहित पूरे प्रदेश में बुधवार को अपराध दिवस मनाया गया। इस मौके पर मूल काग्रेस सहित सभी फ्रंटल संगठन के नेता और कार्यकर्ता एक जुट हुए और वाराणसी के टाउनहॉल मैदान में मौन धरने पर बैठे। इस मौके पर मीडिया से मुखातिब इन नेताओं ने प्रदेश सरकार पर आकंठ भ्रष्टाचार में डूबने का आरोप लगाया। मौन धरने पर बैठने से पूर्व जिलाध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा ने कहा कि एक तरफ हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल पर भाजपा आरोप लगा रही है कि वह आरएसएस का नाम लेकर भय का वातावरण तैयार कर रहे हैं वहीं दूसरी तरफ भाजपा खुद बर्बरता पूर्ण दमन चक्र चला रही है। उन्होंने शासन से इस बर्बर लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच की मांग की। कहा कि जल्द से जल्द दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाय।
लखनऊ में कांग्रेसियों पर हुआ था लाठीचार्ज
बता दें कि युवक कांग्रेस ने राजधानी के कैसरबाग स्थित गांधी भवन में मोदी और योगी सरकार की भ्रष्ट नीतियों, बेरोजगारी, मंहगाई कानून व्यवस्था आदि को लेकर एक शांतिपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया था। आरोप है कि इसमें कांग्रेस द्वारा पहले से चलाए जा रहे केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों की लगातार पोल खोल अभियान से भन्नाई योगी सरकार ने यूथ कांग्रेस के शांतिपूर्ण कार्यक्रम मे बर्बरता पूर्वक लाठीचार्ज कराया। इसमें कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता अजय कुमार लल्लू,, युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव चंद यादव, यूथ कांग्रेस मध्य जोन अध्यक्ष अतुल मालवीय सहित दर्जनों कार्यकर्ता गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस तक पर रोक रही। ऐसे में कांग्रेसजनो ने अपने साधनों से घायलों को अस्पताल पंहुचाया तथा गंभीर रूप से जख्मी कार्यकर्तागणो को ट्रामा सेंटर मे भर्ती कराया
राहुल पर आरोप लगाने वाले खुद क्या कर रहेः प्रजानाथ
इसके विरोध में मौन धरने पर बैठने से पूर्व जिलाध्यक्ष ने कहा कि दूसरों पर देश में भय पैदा करने का आरोप लगाने वालों की इस बर्बर कार्रवाई के बाद अब जनता ही तय करेगी कि कौन सही है और कौन वास्तव में भय पैदा कर रहा है। उन्होंने कहा कि भ्रस्टाचार में आकंठ डूबी सरकार की हम कांग्रेसजनो द्वारा लगातार पोल खोलने से बौखला कर अपने परंपरागत दमनकारी रूप में सामने आ गई है, जिस प्रकार से बल प्रयोग कराया गया है वह स्वंय मे फासीवादी चरित्र का जीता जागता नमूना है। इस सरकारिया दमन की की जितनी भर्तस्ना की जाय कम है।
विपक्ष को दहलाने की कोशिश-अजय राय
पूर्व विधायक अजय राय ने कहा जिस प्रकार से हमारे वरिष्ठ नेताओं और मध्य जोन यूथ अध्यक्ष अतुल परिहार को पीटा गया है यहां तक कि विधान मंडल दल के नेता तक को नहीं बख्शा गया वह घोर निंदनीय है। स्वयं के अंत को सामने देख दमन पर उतरी भाजपा सरकार विरोधियों के शांतिपूर्ण कार्यक्रमों मे भी लाठीचार्ज कराकर समाज मे एक भय का संदेश दे रही है, ताकि भाजपा के लूट भ्रष्टाचार और मनमानियों का कोई विरोध करने की हिमाकत न कर सके।
ये बैठे मौन धरने पर
मौन धरने पर बैठने वालों में महानगर अध्यक्ष सीताराम केसरी, दिग्विजय सिंह, माधो उपाध्याय, शालिनी यादव, दुर्गा गुप्ता, देवेंद्र सिंह, हसन मेंदही कब्बन, राम सुधार मिश्रा, कल्पनाथ शर्मा, विनय शादेजा, अनवार पप्पू, तुफैल, सुनील श्रीवास्तव, मनोज उपाध्याय, आशीष केसरी, गोलू पटेल, प्रभात वर्मा, अनिल श्रीवास्तव ‘अन्नू’, अशोक सिंह, मो. कासिम, सदानंद तिवारी, अयूब अंसारी, जी एम हुसैन, मुन्ना भाई, अभिषेक चौरसिया, साजिद अली, नूरजहां सीमा, डॉ. संजय सिंह, मौलाना रियाजुद्दीन, पूनम कुंडू, शिखा मौर्या, रितु पांडेय, प्रिया दीक्षित, अमरेश सिन्हा, विष्णु कांत मिश्रा, महजबीं बेगम, अशरफ खां एवं जिला कांग्रेस प्रवक्ता रविशंकर पाठक आदि प्रमुख थे।