वाराणसी. जैसे-जैसे लोकसभा चुनाव 2019 की घड़ी नजदीक आती जा रही है, बीजेपी और आरएसएस उन सभी मुद्दों को फिर से जनता के सामने लाने में जुट गई है जिससे उसकी नैया पार लग सके। इसी कड़ी में सबसे महत्वपूर्ण हैं मां गंगा। पिछले चार वर्ष से उपेक्षित पड़ी मां गंगा की अविरलता और निर्मलता को लेकर केंद्र सरकार भी काफी सक्रिय हो गई है। अभी 24 घंटे पहले ही केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि दिसंबर तक गंगा साफ हो जाएंगी। तो उसके दूसरे दिन आरएसएस और भाजपा ने काशी के दशाश्वमेध घाट से गंगा समग्र यात्रा निकाल दी। इस मौके पर भाजपा और आरएसएस के लोगों की भारी जुटान हुई। अन्नपूर्णा मंदिर के महंत रामेश्वर पुरी भी मौजूद रहे। उन्होंने इस यात्रा को काफी महत्वपूर्ण बताया।
पतित पावनी गंगा की वर्तमान स्थिति को जानने के उद्देश्य से भाजपा और आरएसस कार्यकर्ताओं की जुटान दशाश्वमेध घाट पर हुई। घाट पर मां गंगा का विधि-विधान से पूजन अर्चन किया गया। फिर निकली गंगा समग्र जागरण यात्रा। मां गंगा के जयघोष और डमरू के डम-डम की आवाज के साथ गंगा प्रेमियों ने मां गंगा की निर्मलता के लिए शपथ भी ली। काशी प्रांत द्वारा निकाली गई इस गंगा समग्र जनजागरण यात्रा के बाबत बताया जा रहा है कि इसके जरिये भाजपा और उनके सहयोगी संगठन गंगा के तटीय स्थानों के नागरिकों के बीच मां गंगा की स्थिति वर्तमान में क्या है के साथ गंगा के महत्व को बताएंगे। साथ ही उन्हें चेताएंगे कि हम अब भी नहीं चेते तो हमारा भविष्य बर्बाद हो जाएगा। इस मुहिम में धर्माचार्य, समाजसेवी, संघ प्रचारक आदि शामिल रहे । यात्रा 18 मई को संगम तट प्रयाग में समाप्त होगी। गंगा साफ़ हो न हो लेकिन बातें सफाई की जारी रहनी चाहिए। ऐसा ही कुछ इन दिनों गंगा के नाम पर दिख रहा है, बनारस ही नहीं हर जगह गंगा सूख रही हैं। लेकिन भाजपा इससे इतर गंगा की साफ़ सफाई के लिए एक बार फिर चिंतित है और ये जायज भी है क्योंकि आगे 2019 चुनावी वर्ष जो है।
यात्रा में शामिल अन्नपूर्णा मंदिर के महंथ रामेश्वर पूरी ने कहा कि गंगा समग्र यात्रा के जरिए गंगा की अविरलता और निर्मलता के लिए यह एक अच्छा प्रयास है। शिव की नगरी से तीर्थ राज प्रयाग तक यह यात्रा जाएगी और जन जन को गंगा का महत्व बताएगी। यह एक बेहतर प्रयास है।