
विदिशा। अहमदपुर रोड बाइपास चौराहा पर शनिवार की दोपहर एक डंपर और मोटरसाइकिल की भिडं़त में एक युवक की मौत हो गई। वहीं हादसे के दौरान तेज आवाज के साथ डंपर में आग लग गई। घटना की जानकारी लगते ही सीएसपी भारतभूषण शर्मा, सिविल लाइंस टीआई संजीव चौकसे पुलिस बल के साथ पहुंचे और चौराहे पर चारों तरफ से वाहनों की आवाजाही बंद करवाई। कुछ समय में दमकल पहुंची और आग पर काबू पाया। इसके बाद यातायात बहाल हो सका। काफी देर तक वहां लोगों की भीड़ लगी रही और पुलिस बल तैनात रहा।
दोपहर करीब तीन बजे बाइपास पर सागर तरफ जा रहे डंपर से मोटरसाइकिल की भिड़ंत हो गई। भिडं़त इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल डंपर के पिछले पहिया में घुस गई थी और जोर की आवाज के साथ डंपर में आग लगी। घटना के तुरंत बाद ही चालक और क्लीनर वहां से भाग गए। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने हिम्मत कर डंपर के नीचे फंसे दोनों युवकों को खींचकर एक तरफ किया। हादसे में मोटरसाइकिल चकनाचूर हो गई थी।
घटना स्थल पर सीएसपी, टीआई पहुंचे और हाइवे एम्बूलेंस बुलवाकर दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि घटना स्थल पर ही एक युवक की मौत हो गई थी, दूसरे घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डंपर की आग से धुआं चार किमी दूरी से ही दिखाई दे रहा था। डंपर में पुलिस के अनुसार डामर भरा होना बताया जा रहा है। कुछ ही समय में दमकल पहुंची और डंपर की आग पर काबू पाया। इस दौरान करीब आधा घंटे से अधिक समय तक चौराहे पर चारों तरफ से वाहनों की आवाजाही को बंद कर दिया गया था। आग बुझने के बाद ही यातायात दोबारा चालू किया गया।
सरपंच का बेटा है मृतक:
कोतवाली टीआई जीतेंद्र सिंह ने बताया कि मोटरसाइकिल तिलकचौक निवासी 38 वर्षीय विनीत भटनागर चला रहा था और ग्राम चिरावटा निवासी 34 वर्षीय हरिओम भार्गव मोटराइकिल पर पीछे बैठा हुआ था। घटना में हरिओम की घटना स्थल पर ही मौत हो गई थी। वहीं भटनागर का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। मृतक ग्राम चिरावटा सरपंच राधा देवी का बेटा है। उसके चाचा एडवोकेट शिवनारायण शर्मा ने बताया कि हरिओम की चार बेटियां हैं। हरिओम का एक घर कुम्हारवाली गली में भी है। घटना की जानकारी लगते ही जिला अस्पताल में मृतक और घायल के परिजनों का जमावड़ा लग गया। सभी का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजन और पुलिस जैसे-तैसे उन्हें समझा रही थी।
इनका कहना है
अहमदपुर बाइपास पर डंपर और मोटरसाइकिल की भिड़ंत में एक युवक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे गंभीर घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया। घटना के तुरंत बाद ही डंपर चालक और क्लीनर भाग गए थे। उनकी तलाश में टीम जुट गई है और मामले की जांच की जा रही है।
भारतभूषण शर्मा, सीएसपी, विदिशा
Published on:
26 Nov 2017, 5:34 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.