इधर, भाजपा पदाधिकारी कर रहा था अवैध शराब का कारोबार
विदिशा. चुनाव में शराब के उपयोग के लिए एक भाजपा पदाधिकारी और कुछ कुचबंदिया परिवारों से पुलिस ने एक लाख रुपए से ज्यादा की शराब जब्त की है, यहीं से करीब 50 हजार रुपए का गांजा भी पकड़ाया है। पुलिस ने इस मामले में भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिला मंत्री राकेश कुचबंदिया सहित 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। सिविल लाइन टीआई निरंजन शर्मा ने बताया, शेरपुरा में रहने वाले राकेश कुचबंदिया, राजेन्द्र, राज, ज्योति और ममता कुचबंदिया को अवैध शराब के कारोबार में गिरफ्तार किया है। इनसे 32 पेटी शराब जब्त की गई है, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 11 हजार रुपए बताई जाती है। जबकि एक महिला से करीब 50 हजार का गांजा बरामद किया है। उधर आरोपी राकेश कुचबंदिया ने बताया कि वह भाजपा का अनुसूचित जाति मोर्चा का जिला मंत्री है। पुलिस उसे जबरिया उठा लाई, मेरा कुसूर भी नहीं बताया। उसने कहा कि शेरपुरा और नाके की कलारी के ठेकेदार शराब रख जाते हैं बिकवाने के लिए, हमारी बस्ती के लोग बेरोजगार हैं, हर पेटी पर 400-500 रुपए मिल जाते हैं।