वहीं बताया जाता है कि मंदिर के चारों तरफ जो खाइयां मौजूद हैं, इन्हीं में से किसी एक में गुप्त रास्ता बना हुआ है। यही रास्ता खांडव वन से होता हुआ सीधे मंदिर में निकलता है और इसी रास्ते से अश्वत्थामा मंदिर के अंदर पूजा करने आते हैं। मान्यता है कि असीरगढ़ के अलावा मध्य प्रदेश के ही जबलपुर शहर के गौरीघाट यानि नर्मदा नदी के किनारे भी अश्वत्थामा भटकते रहते हैं। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, कभी-कभी वे अपने मस्तक के घाव से बहते खून को रोकने के लिए हल्दी और तेल की मांग भी करते हैं। गांव के कई बुजुर्गों की मानें तो जो एक बार अश्वत्थामा को देख लेता है, उसका मानसिक संतुलन बिगड़ जाता है। वहीं इसके पीछे कहानी बताई जाती है कि अश्वत्थामा ने पिता की मृत्यु का प्रतिशोध लेने के लिए पांडव पुत्रों का वधन कर दिया। साथ ही पांडव वंश के समूल नाश के लिए उत्तरा के गर्भ में पल रहे अभिमन्यु पुत्र परीक्षित को मारने के लिए ब्रह्मास्त्र चलाया, तब श्रीकृष्ण ने परीक्षित की रक्षा करके अश्वत्थामा को दंड के रूप में उनके माथे की मणि ले ली और उन्हें तेजहीन कर दिया। साथ ही उनको श्राप भी दिया कि वो युगों-युगों तक भटकते रहेंगे।