
tension
हर किसी की जिंदगी में बुरा समय आता है। ऐसा समय जब आपको लगता है जैसे दुनिया का सारा बोझ आपके नाजुक कंधों पर ही आ गया है और अब उसे ज्यादा दिनों तक नहीं उठा सकतीं। यह समय आपको हताश और परेशान कर सकता है लेकिन अगर आप चाहें तो इसे हराकर, नए सिरे से अपनी जिंदगी शुरू कर सकती हैं। जिंदगी के बुरे समय पर जीत हासिल करने में ये कुछ तरीके आपकी मदद कर सकते हैं...
प्रार्थना या ध्यान करें
जब आपकी जिंदगी में बुरा समय आए, तब प्रार्थना या मेडिटेशन से आप सारी नकारात्मकता को दूर कर सकती हैं। जब आप कुछ समय एकांत में अकेले बिताएंगी तो आपको आराम मिलेगा और आप सही ढंग से सकारात्मक तरीके से सोच सकेंगी। इस तरह से आप अपने बुरे समय से बाहर निकल सकेंगी।
खुद से बात करें
जिंदगी में जब कुछ बुरा हो, तब खुद से बात करें। अपनी जिंदगी के अच्छे और सकारात्मक समय के बारे में सोचें। याद करें कि आप पहले अपने बुरे दिनों से किस तरह से बाहर निकली थीं। खुद को याद दिलाएं कि आप पहले कितनी मजबूत थीं और अब कितनी मजबूत हैं। खुद से बात करके आप अपने बुरे समय से बाहर निकलने के रास्ते खोज सकती हैं।
खुद का खयाल रखें
जब चीजें आपके हक में न हों और आपका समय बुरा चल रहा हो, तब खुद का खयाल रखना जरूरी होता है। अगर आप ऐसे समय में खुद का खयाल नहीं रखतीं तो आपके शरीर और दिमाग पर नकारात्मकता हावी हो सकती है, जिससे आप अस्वस्थ हो सकती हैं। अत: खुद का खयाल रखें, हेल्दी खाना खाएं, अच्छी नींद लें और थोड़ी कसरत करें।
दूसरों की मदद लें
अगर आपको कभी ऐसा लगे कि आप बहुत ज्यादा निराश हैं और आपको कोई रास्ता न सूझे तो आप दूसरों की मदद ले सकती हैं। कभी-कभी आपको डिप्रेशन जैसे हालातों में प्रोफेशनल मदद लेने से भी हिचकिचाना नहीं चाहिए या फिर आप अपने किसी विश्वसनीय दोस्त से बात कर सकती हैं। जिसके पास भी चाहें जाएं लेकिन अपने दिल की बात खुलकर जरूर कहें, तभी आप अपने बुरे समय से बाहर निकल सकेंगी।
अपनी सोच बदलें
कभी-कभी सिर्फ अपनी सोच बदलने से ही आप अपने बुरे समय को मात दे सकती हैं। कभी-कभी महज अपने बुरे अनुभवों को सकारात्मक सोच में बदलने से आप बुरे समय पर जीत हासिल कर सकती हैं। इसके लिए आपको यह सोचना है कि आपने अपने अनुभवों से क्या सीखा। एक बार जब आप ऐसा कर लेंगी तो आप खुद-ब-खुद बुरे समय से बाहर आ जाएंगी, वह भी बेहतर शख्सियत के रूप में।
लक्ष्य निर्धारित करें
अपने बुरे दिन को लें और खुद के लिए लक्ष्य निर्धारित करें कि आप किस तरह से इस दिन को एक बेहतर दिन में बदल सकती हैं। आप क्या ऐसे बदलाव कर सकती हैं जिनसे आपका बुरा दिन आपको कुछ अच्छा सिखाकर आगे बढऩे में मदद कर सके। अगर दोबारा ऐसी स्थिति आई तब आप क्या करेंगी? लक्ष्य निर्धारित करने से आपको हिम्मत मिलेगी और आप बुरे समय को हरा सकेंगी।
याद रखें कि बुरा समय भी जिंदगी का ही एक हिस्सा है। बुरे पल भी आपको कुछ न कुछ सिखाकर जाते हैं जिनके आप जिंदगी में आगे बढ़ती हैं। जब आप इन बुरे दिनों से अनुभव हासिल करती हैं और उनका इस्तेमाल खुद को बेहतर बनाने के लिए करती हैं, तब आप न केवल बुरे समय से बाहर आती हैं बल्कि उस पर हमेशा के लिए जीत हासिल कर लेती हैं।
Published on:
25 Dec 2017 01:25 pm
बड़ी खबरें
View Allवर्क एंड लाईफ
ट्रेंडिंग
