
साउथवेस्ट एयरलाइंस में मासूम क्रूज़ के लिए यात्रियों ने नैपकिन पर लिखे मार्मिक संदेश। ( फोटो: द वॉशिंगटन पोस्ट)
2-year-old boy: यह अपने आप में एक अनूठा मामला था। डलास से सैन डिएगो जा रही एक फ्लाइट के बीच रास्ते में एक फ्लाइट अटेंडेंट ने इंटरकॉम पर एक अनोखी घोषणा की तो सभी यात्री चौंक गए। कैरोलिन गैलाघर नाम की फ्लाइट अटेंडेंट ने कहा, "आज हमारे साथ विमान में एक बहुत ही खास यात्री है… हमारे पास क्रूज नाम का एक नन्हा हीरो है, जो 2 साल का है। वह कैंसर के एक बहुत ही दुर्लभ रूप से लड़ रहा था और अब वह आधिकारिक तौर पर कैंसर मुक्त है।" पूरी केबिन में तालियों की गड़गड़ाहट गूंज उठी। अपने माता-पिता के बीच बैठे क्रूज एंगुइयानो के चेहरे पर एक बड़ी सी मुस्कान तैर गई। गैलाघर ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा, "हम कुछ नैपकिन बांटने जा रहे हैं। हमें बहुत खुशी होगी अगर आप लोग क्रूज और उसके माता-पिता के लिए उत्साहवर्धन करने या बधाई देने के कुछ शब्द लिखना चाहें।" गैलाघर ने बताया कि पिछले महीने साउथवेस्ट एयरलाइंस की उस फ्लाइट में सवार 160 यात्रियों में से लगभग सभी यात्रियों ने एक एक नैपकिन लिया और क्रूज के लिए एक मार्मिक संदेश लिखे। जो कोई भी जाग रहा था, उसने एक नैपकिन लिया और लिख डाला संदेश।
कुछ यात्रियों ने चित्र बनाए या कविताएं लिखीं, तो दूसरों ने सपोर्ट करने के संदेश दिए। कुछ लोगों ने कैंसर के साथ अपने अनुभव भी बताए। गैलाघर ने एक अन्य फ्लाइट अटेंडेंट से सुना था कि क्रूज न्यूयॉर्क में चार महीने के कैंसर के इलाज के बाद सैन डिएगो स्थित अपने घर लौट रहा है। विमान के क्रू ने इस अवसर को खास बनाने के लिए कुछ स्पेशल करने का फैसला किया। इस पर 4 और 5 साल के दो छोटे बच्चों की मां गैलाघर ने कहा, "यह वास्तव में एक बहुत बड़ी उपलब्धि है, एक 2 साल के बच्चे के लिए तो और भी ज्यादा। हम सभी ने तय किया कि हमें उसके लिए कुछ खास करना चाहिए।"
गैलाघर ने घोषणा करने से पहले क्रूज के माता-पिता, एलिसा और मिगुएल एंगुइयानो से बात की, ताकि यह तय हो सके कि वे क्रूज की कहानी विमान में मौजूद लोगों के साथ शेयर करने में सहज हैं। उन्होंने बताया कि क्रूज़ को जुलाई 2025 में स्टेज 4 न्यूरोब्लास्टोमा होने के बारे में पता चला था, जबकि शुरुआत में डॉक्टरों ने उसके लक्षणों को एसिड रिफ्लक्स, कब्ज और कान का संक्रमण बताया था। एलिसा ने कहा, "सभी डॉक्टर अलग-अलग बातें कह रहे थे, लेकिन मैं जवाब के लिए जोर देती रही।"
उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि उनके नन्हे से बेटे के अंदर ट्यूमर बढ़ रहा है। 5 साल की एक बेटी की मां एलिसा ने भावुक होकर कहा, "मेरी पूरी दुनिया ही उलट गई थी।" नवंबर में सर्जरी और आगे के इलाज के लिए न्यूयॉर्क के मेमोरियल स्लोन केटरिंग कैंसर सेंटर जाने से पहले क्रूज की सैन डिएगो में कई दौर की कीमोथेरेपी हुई। उन्हें लगा था कि उन्हें तीन सप्ताह रुकना पड़ेगा, लेकिन जटिलताएं पैदा होने के कारण यह समय महीनों में खिंच गया।
मासूम बच्चे की सर्जरी के लगभग एक महीने बाद, 9 जनवरी को डॉक्टरों ने क्रूज को कैंसर मुक्त घोषित कर दिया। एलिसा ने कहा, "यह एक चमत्कार है। मुझे याद है जब डॉक्टर ने हमें बताया तो हम रो पड़े थे… हमें लगा जैसे हमने लॉटरी जीत ली हो।" क्रूज की सैन डिएगो में अगले महीने तक इम्यूनोथेरेपी जारी रहेगी, जिससे कैंसर के वापस लौटने का जोखिम कम होने की उम्मीद है। एलिसा ने अपने बेटे के बारे में बताया कि उसका स्वभाव बहुत ही चंचल और मौज-मस्ती करने वाला है। इलाज के दौरान उसका चुलबुलापन कम हो गया था, लेकिन "अब वह फिर से अपनी पुरानी शरारतों पर लौट रहा है।"
साउथवेस्ट एयरलाइंस ने 'चिल्ड्रन्स फ्लाइट ऑफ होप' के साथ पार्टनरशिप के तहत एंगुइयानो परिवार को मुफ्त में घर पहुंचाया। जब गैलाघर ने यात्रियों से उनके बेटे के लिए नैपकिन पर नोट लिखने के लिए कहा, तो एलिसा और उनके पति की आंखों में आंसू आ गए। जब उन्हें नैपकिन का बंडल मिला, तो एलिसा ने हर एक की लिखी इबारत अपने बेटे को सुनाई।
कियान नाम के एक मुसाफिर ने लिखा, "क्रूज! दोस्त, तुम एक सच्चे हीरो हो! ऐसा लगता है कि तुमने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए बहुत कड़ी मेहनत की है और मुझे तुम पर बहुत गर्व है कि तुमने कभी हार नहीं मानी! एक बेहद कठिन लड़ाई जीतने पर बधाई! तुम मेरे हीरो हो!!!" ।
एक अन्य यात्री ने लिखा "तुम इस उड़ान में हम सभी के लिए एक प्रेरणा हो कि चाहे कोई कितना भी छोटा (या बड़ा) क्यों न हो, वह बहादुर बन सकता है और कठिन चीजों को पार कर सकता है। आज हमारे साथ अपनी स्टोरी शेयर करने के लिए धन्यवाद। इससे मेरी उम्मीद फिर से जाग गई है।" ।
चौदह साल से कैंसर सर्वाइवर रहे एक व्यक्ति ने संदेश लिखा, "मुझे तुम पर बहुत गर्व है। तुम ऐसे ही आगे बढ़ते रहो, आगे और भी बेहतर दिन आने वाले हैं।"
इतने सारे मार्मिक और हौसला बढ़ाने वाले संदेश देख कर एलिसा ने कहा, "मैं बिना रोए उन्हें पढ़ ही नहीं पा रही थी।"
फ्लाइट अटेंडेंट गैलाघर ने कहा कि यात्रियों और फ्लाइट क्रू की प्रतिक्रिया भी बहुत भावुक थी। "भला कौन ऐसी किसी बात का जश्न नहीं मनाना चाहेगा? इस बात ने सभी को एक साथ ला दिया।"
एलिसा अपने बेटे के लिए एक यादगार बक्से में उन सभी नैपकिन को सहेज कर रखने की योजना बना रही हैं। उनका मानना है कि जब वह इतना बड़ा हो जाएगा कि समझ सके कि अजनबियों ने उसके लिए क्या किया, तो वह भी कृतज्ञता से भर जाएगा - ठीक वैसे ही जैसे आज वह और उनके पति हैं।
(वॉशिंगटन पोस्ट का यह आलेख patrika.com पर दोनों समूहों के बीच विशेष अनुबंध के तहत पोस्ट किया गया है।)
संबंधित विषय:
Published on:
18 Apr 2026 05:08 pm
बड़ी खबरें
View Allविदेश
ट्रेंडिंग
