
इजरायली सेना। ( फोटो : ANI )
इजरायली सेना (Israeli Army) ने उत्तरी गाजा में बड़े हमले किए हैं। इन हमलों में हमास के दो सीनियर कमांडरों (Hamas commander killed) को ढेर कर दिया है। टाइम्स ऑफ इजरायल की रिपोर्ट में IDF के हमले को जानकारी दी गई है। वहीं, अल जजीरा ने फिलिस्तीन रेड क्रिसेंट सोसाइटी के हवाले से रिपोर्ट किया है कि IDF के हवाई हमले में कम से कम चार फिलिस्तीनी नागरिक मारे गए हैं, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए हैं।
इजरायली सेना ने हवाई हमले में हमास के सीनियर कमांडर मुहम्मद ओदेह को मार गिराने का दावा किया है। ओदेह हमास की सैन्य शाखा का नेता था। वह 7 अक्टूबर के हमले (अल अक्सा फ्लड) के मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक था। ओदेह के मारे जाने पर इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय ने X पर पोस्ट करते हुए बताया कि यह ऑपरेशन प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इज़राइल काट्ज़ के निर्देशों पर किया गया था।
इजरायली PMO ने लिखा कि ओदेह 7 अक्टूबर के नरसंहार के दौरान हमास की इंटेलिजेंस टीम का प्रमुख था। उसे लगभग 10 दिन पहले ही इजेदीन अल-हद्दाद की जगह नियुक्त किया गया था। अल-हद्दाद को दो हफ्ते पहले गाजा पट्टी में IDF के एक हमले में मार गिराया गया था। ओदेह कई इजरायली नागरिकों और IDF सैनिकों की हत्या, अपहरण और उन्हें घायल करने के लिए भी जिम्मेदार था। इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि 7 अक्टूबर से जुड़े हर आतंकी को खत्म करेंगे।
इधर, लेबनान के साथ सीजफायर होने के बावजूद भी इजरायली सेना का हमला जारी है। इजरायली सेना ने दावा किया है कि उसने पूरे दिन लेबनान में हिजबुल्लाह द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली सैन्य इमारतों, कमांड सेंटर्स और लॉन्च साइट्स पर हमले किए हैं। सेना ने आगे बताया कि इस हफ्ते की शुरुआत से अब तक, इज़राइली सेना ने हिजबुल्लाह के 550 ठिकानों पर हमले किए हैं।
वहीं, बुधवार को लेबनान में इजरायली हमले में 31 लोगों की मौत हो गई। बुधवार को इजरायली सेना ने साउथ लेबनान में कई जगह हमले किए, जिनमें 31 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार बुर्ज अल-शमाली में 2 बच्चों और 3 महिलाओं सहित 14 लोग मारे गए। कौथारियत अल-राज में 5 लोग मारे गए। हबौच में 2 बच्चों सहित 4 लोग मारे गए। माराकेह में 6 लोग मारे गए। सला में 2 लोग मारे गए।
Updated on:
28 May 2026 07:03 am
Published on:
28 May 2026 07:03 am
