
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की। (Photo- IANS)
Russia Ukraine War: यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन ने हमला फिलहाल रोक दिया है। जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेनी सेना उन रूसी शहरों पर हवाई हमले नहीं करेगा, जहां बातचीत हो रही है। जेलेंस्की ने कहा कि अभी से लेकर शनिवार के अंत तक और रविवार व सोमवार को भी, यूक्रेन मॉस्को पर हमले न करने के लिए तैयार है। जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन उम्मीद करता है कि रूस भी कीव के संबंध में इसी तरह का कदम उठाएगा।
इंटरफैक्स-यूक्रेन समाचार एजेंसी के अनुसार, विटकोफ और कुशनर मॉस्को की यात्रा के बाद रविवार को कीव जाने की योजना बना रहे हैं। इस बीच, क्रेमलिन के सलाहकार यूरी उशाकोव ने बताया कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मॉस्को में अमेरिकी दूतों स्टीव विटकोफ और जेरेड कुशनर के साथ बेहद खुली, रचनात्मक और गंभीर बातचीत की। उशाकोव ने कहा कि महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा एक औपचारिक कार्य बैठक के दौरान हुई और बाद में रात्रिभोज के समय अनौपचारिक रूप से भी बातचीत जारी रही।
पुतिन ने दोहराया कि रूस यूक्रेन से जुड़े मुद्दों का राजनीतिक और कूटनीतिक समाधान खोजने के लिए अमेरिका के साथ मिलकर काम जारी रखने को तैयार है। उशाकोव के मुताबिक, रूसी पक्ष ने विशेष सैन्य अभियान के दौरान बन रही स्थिति का स्पष्ट और विस्तृत आकलन अमेरिकी प्रतिनिधियों के सामने रखा।
उन्होंने कहा कि खास तौर पर युद्ध क्षेत्र में रूसी सेना की प्रगति का उल्लेख किया गया। यह भरोसा भी जताया गया कि निर्धारित उद्देश्यों को हासिल किया जाएगा। साथ ही इस बात पर जोर दिया गया कि संघर्ष के मूल कारणों को समाप्त करना जरूरी है। उशाकोव ने बताया कि बातचीत केवल यूक्रेन संकट के समाधान तक सीमित नहीं रही। दोनों पक्षों ने आर्थिक मुद्दों और रूस-अमेरिका के बीच बड़े पैमाने पर संभावित आपसी लाभ वाली परियोजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की।
उनके अनुसार, कुल मिलाकर यह वार्ता सही समय पर हुई और दोनों देशों के लिए काफी फायदेमंद रही। यह भी तय हुआ कि दोनों देशों के राष्ट्रपति आगे भी सीधे संपर्क में रहेंगे और विटकोफ तथा कुशनर के माध्यम से बातचीत जारी रहेगी। यह बैठक कुल 3 घंटे 10 मिनट तक चली। उशाकोव ने कहा कि अमेरिकी दूतों ने आश्वासन दिया है कि वे अगले दिन कीव में होने वाली अपनी बैठकों के दौरान यूक्रेन संघर्ष के स्थायी और शांतिपूर्ण समाधान को लेकर राष्ट्रपति पुतिन की ओर से साझा किए गए विचारों और आकलन को यूक्रेनी पक्ष तक पहुंचाएंगे।
Updated on:
06 Sept 2026 12:27 pm
Published on:
06 Sept 2026 12:27 pm
