15 सितंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

‘दोस्त को बचाने उतरी ट्रैक पर, तभी आ गई ट्रेन’ न्यूयॉर्क सबवे हादसे में भारतीय मूल की युवती और दोस्त की मौत, वीडियो आया सामने

New York Subway Accident : न्यूयॉर्क के स्प्रिंग स्ट्रीट सबवे स्टेशन पर दर्दनाक हादसे में भारतीय मूल के 24 वर्षीय मलाइका चित्रे और नवम कौल की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। दोनों हाल ही में रटगर्स यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएट हुए थे। पुलिस हादसे की वजह की जांच कर रही है।
2 min read
Google source verification

भारत

image

kamlesh sharma

Sep 15, 2026

New York Subway Accident

New York Subway Accident (फोटो-X-@Globupdate वीडियो का स्क्रीनशॉट)

न्यूयॉर्क। अमरीका के न्यूयॉर्क शहर में रविवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में भारतीय मूल की 24 वर्षीय युवती और उसके दोस्त की मौत हो गई। दोनों मैनहट्टन के स्प्रिंग स्ट्रीट सबवे स्टेशन पर रेलवे ट्रैक पर बैठे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गए। मृतकों की पहचान मलाइका चित्रे और नवम कौल के रूप में हुई है। दोनों न्यू जर्सी के रहने वाले थे और हाल ही में रटगर्स यूनिवर्सिटी से स्नातक हुए थे। हादसा तड़के करीब 3 बजे हुआ।

पुलिस के मुताबिक, दक्षिण दिशा की ओर जा रही नंबर-4 ट्रेन जब स्टेशन में दाखिल हुई तो ट्रेन ऑपरेटर ने दोनों को ट्रैक पर देखा और ट्रेन रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। ट्रेन की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेन में सवार करीब 100 यात्रियों को बाहर निकाला गया।

आखिर ट्रैक पर कैसे पहुंचे दोनों?

'न्यूयॉर्क डेली न्यूज' की रिपोर्ट के अनुसार, हादसे की परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हैं। जांच अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि दोनों ट्रैक पर कैसे पहुंचे। एक संभावना यह भी जांची जा रही है कि नवम कौल पहले ट्रैक पर गिरा या खुद नीचे गया और मलाइका उसे बचाने के लिए ट्रैक पर पहुंची।

AmNewYork की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रेन ऑपरेटर ने अधिकारियों को बताया कि उसने दोनों को ट्रैक पर बैठे देखा था। रिपोर्ट के अनुसार, ट्रेन के पहुंचने से पहले मलाइका कौल को अपनी ओर खींचती हुई नजर आई थी।

सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में भी दोनों को ट्रेन आने से कुछ समय पहले ट्रैक पर साथ बैठे हुए देखा जा सकता है। ट्रेन ऑपरेटर ने इमरजेंसी ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन ट्रेन समय रहते नहीं रुक सकी।

दोनों 2024 में रटगर्स यूनिवर्सिटी से हुए थे ग्रेजुएट

मलाइका चित्रे और नवम कौल लंबे समय से दोस्त थे। दोनों ने रटगर्स यूनिवर्सिटी में पढ़ाई की और 2024 में स्नातक हुए थे। मलाइका न्यू जर्सी के साउथ ब्रंसविक के डेटन इलाके की रहने वाली थीं। उन्होंने रटगर्स से पब्लिक हेल्थ की डिग्री ली थी और बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में माइनर किया था। मलाइका फार्मास्युटिकल कंपनी एकेडिया फार्मास्युटिकल्स में क्वालिटी ऑपरेशंस स्पेशलिस्ट के तौर पर काम कर रही थीं। उन्होंने हाल ही में टेंपल यूनिवर्सिटी में डॉक्टर ऑफ फार्मेसी की पढ़ाई भी शुरू की थी।

वहीं, सायरेविल, न्यू जर्सी निवासी नवम कौल ने रटगर्स बिजनेस स्कूल से फाइनेंस की डिग्री हासिल की थी। वह वर्ष 2025 से ब्लूमबर्ग में फाइनेंशियल डेटा एनालिस्ट के रूप में काम कर रहे थे। दोनों रटगर्स से जुड़े साउथ एशियन समुदाय और एक ही सामाजिक समूह का हिस्सा थे। उनके परिचितों के मुताबिक, दोनों की दोस्ती लंबे समय से थी और वे एक ही मित्र मंडली में शामिल थे।