16 सितंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

हॉलीवुड डायरेक्टर दंपती के हत्यारे बेटे को नहीं मिलेगी फांसी, लॉस एंजिल्स के अभियोजकों का फैसला

रॉब रेनर और मिशेल रेनर की हत्या के मामले में आरोपी बेटे निक रेनर को डेथ पेनल्टी का सामना नहीं करना पड़ेगा। लॉस एंजिलिस अभियोजन ने मृत्युदंड की मांग नहीं करने का फैसला किया है।
2 min read
Google source verification

भारत

image

kamlesh sharma

Sep 16, 2026

court

Nick Reiner: फाइल फोटो पत्रिका

लॉस एंजिलिस। हॉलीवुड के दिग्गज निर्देशक रोब रेनर और उनकी पत्नी मिशेल रेनर की हत्या के आरोपी उनके बेटे निक रेनर को फांसी की सजा नहीं होगी। लॉस एंजिल्स काउंटी के जिला अटॉर्नी नाथन होचमैन ने अदालत की सुनवाई से पहले स्पष्ट किया है कि अभियोजन पक्ष इस मामले में मृत्युदंड की मांग नहीं करेगा। अब 33 वर्षीय निक रेनर को अधिकतम बिना पैरोल के आजीवन कारावास की सजा का सामना करना पड़ेगा।

माता-पिता की हत्या का आरोप

निक पर अपने माता-पिता की प्रथम श्रेणी में हत्या करने के दो मामले दर्ज हैं। पिछले साल दिसंबर में ब्रेंटवुड स्थित उनके आवास पर रोब रेनर और मिशेल के शव चाकू के घावों के साथ मिले थे। वारदात के कुछ ही घंटों बाद पुलिस ने निक को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी ने अदालत में खुद को निर्दोष बताया है।

डेथ पेनल्टी नहीं मांगने के पीछे क्या वजह?

जिला डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी नाथन होचमैन ने कहा कि निक के मामले में मृत्युदंड की मांग करने या नहीं करने को लेकर अभियोजन कार्यालय ने विस्तृत समीक्षा की। इसमें मामले से जुड़े गंभीर परिस्थितिजन्य पहलुओं के साथ उन परिस्थितियों पर भी विचार किया गया, जो आरोपी के पक्ष में हो सकती हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया के दौरान पीड़ित परिवार, अभियोजकों और कानून प्रवर्तन अधिकारियों से भी बातचीत की गई तथा डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मामले की समीक्षा की गई।

निक की ओर से पैरवी कर रहीं डिप्टी पब्लिक डिफेंडर किम्बर्ली ग्रीन ने CNN को बताया कि अभियोजन का डेथ पेनल्टी नहीं मांगने का फैसला सही है। उन्होंने कहा कि निक गंभीर मानसिक बीमारी से जूझ रहा है और लंबे समय से खुद को दवाओं के जरिए संभालने की कोशिश करता रहा है। उनके मुताबिक यह मामला दिखाता है कि गंभीर मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे लोगों के लिए इलाज और जरूरी सहायता तक पहुंचना कितना मुश्किल हो सकता है।

अदालत में हाथ में हथकड़ी लगाए नजर आया निक

मंगलवार को सुनवाई के दौरान निक लॉस एंजिलिस काउंटी जेल की वर्दी में अदालत पहुंचा। फरवरी में हुई पिछली सुनवाई की तुलना में उसके बाल अब काफी लंबे नजर आए। सुनवाई के दौरान उसके हाथ कुर्सी के बाजू से हथकड़ी के जरिए बंधे रहे।

अदालत ने मंगलवार को उस ग्रैंड ज्यूरी ट्रांसक्रिप्ट को सार्वजनिक करने से इनकार कर दिया, जिसके आधार पर निक के खिलाफ हत्या के आरोप तय किए गए थे। जज ने फिलहाल ट्रांसक्रिप्ट को सीलबंद रखने का आदेश दिया है। हालांकि, मीडिया अदालत में आवेदन देकर इन दस्तावेजों को सार्वजनिक करने की मांग कर सकता है।

भाई-बहन ने ट्रांसक्रिप्ट सीलबंद रखने की मांग की

रॉब और मिशेल रेनर के दूसरे बच्चों, जेक और रोमी रेनर ने ग्रैंड ज्यूरी की ट्रांसक्रिप्ट को सीलबंद रखने की इच्छा जताई है। अभियोजन पक्ष के मुताबिक दोनों ने कहा कि माता-पिता की हत्या से जुड़े विवरण और सबूत सार्वजनिक होने से उन्हें दोबारा मानसिक आघात और नुकसान हो सकता है। अभियोजकों ने यह भी कहा कि ट्रांसक्रिप्ट सार्वजनिक होने से मुकदमे पर कोई प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका उन्हें नहीं है, लेकिन वे अदालत के फैसले का सम्मान करेंगे।