16 सितंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Sudan Gold Mine Collapse: सूडान में सोने की खदान धंसने से 60 मजदूरों की मौत, मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका

Gold mine accident in Sudan: सूडान में सोने की खदान ढहने से 60 मजदूरों की मौत हो गई है। मलबे के नीचे अभी भी कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका है। बचावकर्मी भारी मशीनों का इस्तेमाल किए बिना शवों और अगर कोई जीवित बचा हो, तो उन्हें बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं।
2 min read
Google source verification

भारत

image

Anand Shekhar

Sep 16, 2026

Sudan Gold Mine Collapse

सूडान में सोने की खदान ढहने से हादसा (फोटो- X@sudanaxis)

Sudan Gold Mine Collapse: दक्षिण सूडान के वेस्ट कोर्डोफान में सोने की एक खदान के अचानक ढह जाने से कम से कम 60 छोटे पैमाने पर काम करने वाले मजदूरों की मौत हो गई है। समाचार एजेंसी AFP से बात करते हुए हादसे में बचे दो मजदूरों ने बताया कि मलबे के नीचे अभी भी बड़ी संख्या में लोगों के फंसे होने की आशंका है और उनके बचने की उम्मीद बहुत कम है।

एक के बाद एक ढहते गए शाफ्ट, 60 शव निकाले गए

यह घटना मंगलवार को वेस्ट कोर्डोफान के अल-नाहुद शहर के पास अल-जारा खदान में हुई, जब खदान के शाफ्ट अचानक एक के बाद एक ढहने लगे। बुधवार सुबह तक मलबे से 60 शव निकाले जा चुके थे। घटनास्थल पर मौजूद खनिक अल-अमीन सुलेमान ने AFP को बताया कि खदान की सुरंगें एक-दूसरे के बहुत करीब बनी हुई हैं। ऐसे में जब एक शाफ्ट ढहता है, तो वह अपने आसपास के अन्य सभी शाफ्ट को भी नीचे गिरा देता है। इस खदान में भी ठीक यही हुआ। अल-अमीन सुलेमान ने बताया कि अब तक 60 शव बरामद किए जा चुके हैं, लेकिन कई लोग कल से ही जमीन के नीचे फंसे हुए हैं। जिनके जिंदा बचे होने की संभावना कम है।

कुदाल-फावड़े के सहारे रेस्क्यू जारी

हादसे में बाल-बाल बचे खैर अल-सैयद जबरा ने AFP को बताया कि साथी खनिक पूरी रात कुदाल-फावड़े के सहारे राहत कार्य में जुटे रहे, जिनका इस्तेमाल वे सोने के खनन के लिए करते हैं। उन्होंने कहा कि अभी नहीं पता कि खदान के अंदर कितने और लोग फंसे हुए हैं। हर कोई शवों और अगर कोई जीवित बचा हो तो उसे बाहर निकालने की पूरी कोशिश कर रहा है, लेकिन यह बेहद मुश्किल काम है। चट्टानों और भारी मिट्टी को हटाने के लिए भारी मशीनरी की तत्काल आवश्यकता है।

युद्ध के बीच असंगठित सोने की खुदाई में तेजी

अप्रैल 2023 से सूडान में सेना और पैरामिलिट्री रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (RSF) के बीच संघर्ष चल रहा है। इस संघर्ष ने देश की पहले से ही कमजोर अर्थव्यवस्था पर बहुत बुरा असर डाला है, जिससे बड़ी संख्या में लोगों के रोजगार छिन गए हैं। दोनों पक्षों ने मुख्य रूप से सोने के कारोबार और विदेशी समर्थकों के जरिए अपने सैन्य अभियानों के लिए फंड जुटाया है।

सूडान में सोने का एक बड़ा हिस्सा छोटे स्तर के पारंपरिक खनन तरीकों से निकाला जाता है। इस तरह का खनन अक्सर अनौपचारिक क्षेत्र में या उन इलाकों में होता है जिन्हें पहले बंद घोषित किया जा चुका है और जहां सुरक्षा मानकों और बचाव सुविधाओं की कमी होती है।