
Indian Prime Minister Narendra Modi with US President Donald Trump
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Of India Narendra Modi) का दो दिवसीय फ्रांस (France) दौरा अब समाप्त हो चुका है। आज से पीएम मोदी अमेरिका (United States Of America) के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। पिछले महीने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) से फोन पर हुई बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने उन्हें फिर से राष्ट्रपति बनने पर बधाई दी थी, तो ट्रंप ने भी पीएम मोदी को अमेरिका दौरे का न्यौता दिया था, जिसे पीएम मोदी ने स्वीकार कर लिया था। पीएम मोदी का यह अमेरिका दौरा कई मायनों में अहम होगा।
प्रधानमंत्री के तौर पर पीएम मोदी का यह दसवां अमेरिका दौरा होगा। 2014 में पीएम बनने के बाद से अब तक पीएम मोदी 9 बार अमेरिका जा चुके हैं। पीएम मोदी के पिछले 9 अमेरिकी दौरों के दौरान बराक ओबामा (Barack Obama), डोनाल्ड ट्रंप और जो बाइडन (Joe Biden) अमेरिका के राष्ट्रपति रह चुके हैं। अब उनके दसवें दौरे के दौरान ट्रंप फिर से अमेरिका के राष्ट्रपति बन चुके हैं। व्हाइट हाउस में पीएम मोदी और ट्रंप की मुलाकात होगी, जो काफी अहम होगी। ट्रंप के फिर से राष्ट्रपति बनने के बाद पीएम मोदी का यह पहला अमेरिका दौरा है।
अमेरिका में अवैध प्रवासियों का मुद्दा काफी गर्माया हुआ है। कई देशों के नागरिक, जो अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे थे, को वापस उनके देश भेजा जा रहा है। इनमें भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। भारत की तरफ से पहले ही साफ किया जा चुका है कि वो अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे अपने नागरिकों को वापस लेने के लिए तैयार है और इस प्रक्रिया में अमेरिका का पूरा सहयोग करेगा। अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे कई भारतीय नागरिकों को वापस भेजा भी जा चुका है और कई और लोगों को भी आगे भेजा जाएगा। हालांकि जिस तरह बेड़ियों में जकड़कर उन्हें भेजा गया, उससे भारत में भी विवाद छिड़ गया। संसंद में विपक्ष भी इस मामले पर सरकार को घेर रहा है। ऐसे में पीएम मोदी और ट्रंप की मुलाकात के दौरान इस विषय पर बातचीत होना तय है और यह भी संभव है कि निकट भविष्य में जब अमेरिका अवैध रूप से रह रहे भारतीय नागरिकों को वापस भेजे, तो बेड़ियों का इस्तेमाल न करते हुए उन्हें मानवीय तरीके से भारत भेजे।
ट्रंप ने राष्ट्रपति बनने ही "टैरिफ वॉर" (Tariff War) की शुरुआत कर दी है। हालांकि अब तक भारत पर टैरिफ की घोषणा नहीं की गई है, जबकि ट्रंप पहले भारत पर टैरिफ लगाने की चेतावनी दे चुके हैं, क्योंकि भारत भी अमेरिकी प्रोडक्ट्स पर काफी टैक्स लगाता है। ऐसे में पीएम मोदी और ट्रंप की मुलाकात के दौरान दोनों देशों के एक-दूसरे पर टैरिफ न लगाते हुए व्यापार को आगे बढ़ाने पर चर्चा होगी, जो काफी अहम है।
भारत के टॉप डिफेंस पार्टनर्स पर गौर किया जाए, तो अमेरिका भी लिस्ट में शामिल है। पिछले कुछ साल में भारत और अमेरिका के बीच डिफेंस पार्टनरशिप तेज़ी से बढ़ी है, जो दोनों देशों के लिए ही काफी अहम है। ऐसे में पीएम मोदी और ट्रंप दोनों देशों के बीच डिफेंस सेक्टर में पार्टनरशिप को और मज़बूत करने पर निश्चित रूप से बात करेंगे। इसके साथ ही ट्रेड सेक्टर में भी भारत-अमेरिका पार्टनरशिप को और बढ़ाने पर पीएम मोदी और ट्रंप का जोर रहेगा, क्योंकि ऐसा करना दोनों देशों की अर्थव्यवस्था के लिए काफी फायदेमंद रहेगा।
भारत-अमेरिका संबंधों में मज़बूती लाना पीएम मोदी और ट्रंप, दोनों के लिए ही अहम है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए ट्रंप ने पीएम मोदी को अमेरिका आने का न्यौता दिया। ट्रंप खुद भी भारत जाने की इच्छा जता चुके हैं। ऐसे में पीएम मोदी, ट्रंप से मुलाकात के दौरान उन्हें भारत आने का न्यौता दे सकते हैं और यह संभव है कि अमेरिकी राष्ट्रपति जल्द ही भारत दौरे पर आए।
Updated on:
7 Jun 2026, 8:40 AM IST
Published on:
12 Feb 2025, 12:51 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.