
मिलिट्री प्लांट पर हमला (X Photo)
Ukraine Missile Attack: रूस और यूक्रेन के बीच पिछले चार साल से जारी युद्ध अब खौफनाक मोड़ पर आ गया है। यूक्रेन ने पहली बार फ्रंट लाइन से पूरे 900 किलोमीटर अंदर रूस के चेबोक्सारी शहर (Cheboksary City) पर बड़ा मिसाइल से हमला किया है। राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने दावा किया कि उनकी खतरनाक 'FP-5 फ्लेमिंगो' लंबी दूरी की मिसाइलों ने पुतिन के उस खास मिलिट्री कारखाने को उड़ा दिया, जो रूसी सेना के लिए ड्रोन और मिसाइलों के कलपुर्जे बनाता था।
इस हमले के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने इस तबाही की जानकारी दी। वोलोडिमिर जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन के FP-5 फ्लेमिंगो ने चेबोक्सारी में एक मिलिट्री प्लांट पर हमला किया, जो सेना को ड्रोन और मिसाइल के पार्ट्स सप्लाई करता है। वहीं जेलेंस्की ने एक वीडियो भी जारी किया है। इस वीडियो में मिसाइल को टारगेट की तरफ बढ़ते और फिर मिलिट्री प्लांट से उठते हुए धुएं के काले बादलों को साफ देखा जा सकता है। यूक्रेनी सेना ने बाद में पुष्टि की कि रूस के इस वीएनआईआईआर-प्रोग्रेस (VNIIR-Progress) प्लांट में भीषण आग लग चुकी है।
चुवाश रिपब्लिक के प्रमुख ओलेग निकोलाएव ने इस हमले पुष्टि की और कहा कि चेबोक्सारी पर हमला हुआ है, इसमें तीन लोग घायल हुए हैं। उन्होंने यह नहीं बताया कि मिलिट्री प्लांट को कोई नुकसान पहुंचा है या नहीं। इस हमले में इस्तेमाल हुई FP-5 फ्लेमिंगो कोई आम मिसाइल नहीं है। इस मिसाइल में 1,150 किलोग्राम का बेहद भारी वारहेड (विस्फोटक) लगा होता है।
FP-5 फ्लेमिंगो की रेंज करीब 3,000 किलोमीटर बताई जा रही है। इसका सीधा मतलब यह है कि रूस की राजधानी मॉस्को समेत उसके कई बड़े शहर अब पूरी तरह से यूक्रेन के सीधे निशाने पर आ चुके हैं। यूक्रेन अब अपने पश्चिमी सहयोगियों के साथ मिलकर ऐसी और भी मिसाइलें बना रहा है ताकि रूस को भारी नुकसान पहुंचाया जा सके।
यूक्रेनी सेना ने दावा किया है कि उन्होंने ब्लैक सी में रूस के एक शैडो फ्लीट ऑयल टैंकर को भी उड़ा दिया है। यही नहीं, अजोव सागर के पास रूस के कब्जे वाले मारियुपोल पोर्ट और समारा में मौजूद एक रूसी तेल रिफाइनरी पर भी भारी बमबारी की गई है। यूक्रेन का साफ कहना है कि रूस के एनर्जी साइट्स उनके लिए बिल्कुल जायज टारगेट हैं क्योंकि इन्हीं के दम पर मॉस्को इस जंग का खर्च उठा रहा है।
इसी बीच कल रात दोनों देशों के आसमान में सिर्फ बारूद बरस रहा था। रूस की सेना ने दावा किया है कि उनकी एयर डिफेंस यूनिट्स ने 326 यूक्रेनी ड्रोनों को मार गिराया या इंटरसेप्ट किया है। वहीं दूसरी तरफ यूक्रेन की वायुसेना ने भी बड़ा आंकड़ा जारी किया। यूक्रेन ने बताया कि रूस ने उनकी तरफ 207 ड्रोन दागे थे, जिनमें से 181 ड्रोनों को उन्होंने हवा में ही नष्ट कर दिया।
लेकिन इसी बीच यूक्रेन ने यह भी माना कि 14 अलग-अलग जगहों पर 21 सीधे हमले हुए हैं। इस चौतरफा जंग में पिछले 24 घंटों के दौरान कम से कम दो लोगों की मौत हुई है और दो बच्चों समेत 26 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
Published on:
10 Jun 2026 07:38 pm
बड़ी खबरें
View Allविदेश
ट्रेंडिंग
