
6 महीने तक बंद रहेगा हॉर्मुज (Photo-X)
Strait of Hormuz Crisis: अमेरिका और ईरान युद्ध के बीच होर्मुज को लेकर एक बड़ी जानकारी सामने आई है। अमेरिका के रक्षा मुख्यालय पेंटागन ने कांग्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि ईरान द्वारा बिछाई गई समुद्री माइंस को हटाने में करीब 6 महीने तक का समय लग सकता है। दरअसल, यह खुलासा ऐसा समय में हुआ है जब दोनों देशों के बीच सीजफायर के बाद भी तनाव बना हुआ है।
वाशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक इस देरी को लेकर डेमोक्रेट और रिपब्लिकन दोनों पक्षों के सहयोगियों में असंतोष और चिंता देखी जा रही है। बताया जा रहा है कि अगर स्थिति जल्द नहीं सुधरी तो तेल और गैस की कीमतें लंबे समय तक ऊंची रह सकती हैं, भले ही कोई बड़ा शांति समझौता हो जाए।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में 20 से अधिक माइंस तैनात की हो सकती है। बता दें कि हॉर्मुज दुनिया का एक अहम समुद्री मार्ग है, जहां से करीब 20% वैश्विक तेल और LNG सप्लाई चलती है। अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि कुछ माइंस को GPS तकनीक से दूर के तरीकों से तैनात किया गया है, जिससे उन्हें ढूंढना और रोकना और मुश्किल हो गया है।
इसी बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर उसने ये विस्फोटक नहीं हटाए, तो उसे ऐसे परिणाम भुगतने होंगे जो पहले कभी नहीं देखे गए।
वहीं ईरान के उप विदेश मंत्री माजिद तख्त-रवांची ने इन आरोपों से इनकार किया है। हालांकि द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ईरानी सेना खुद भी सभी माइंस की लोकेशन ट्रैक नहीं कर पा रही है, जिससे स्थिति और जटिलता हो गई है।
हालांकि पेंटागन ने इस पूरी रिपोर्ट को गलत बताया है, साथ ही कहा कि लीक हुई जानकारी क्लासिफाइड ब्रीफिंग का हिस्सा थी, जिसे पब्लिक करना सही नहीं है।
ईरान ने कहा है कि जब तक अमेरिका की नाकेबंदी रहेगी, वह होर्मुज स्ट्रेट को फिर से नहीं खोलेगा। एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक ईरानी पार्लियामेंट के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबफ ने कहा कि पूरी तरह से सीज़फ़ायर का मतलब तभी है जब अमेरिका द्वारा नाकेबंदी को हटा दिया जाए।
दरअसल, यह तब हुआ जब अमेरिका सेंट्रल कमांड ने कहा कि उसने ईरान के खिलाफ़ ब्लॉकेड के हिस्से के तौर पर 31 जहाजों को वापस लौटने या वापस मुड़ने का निर्देश दिया है।
Updated on:
23 Apr 2026 10:35 am
Published on:
23 Apr 2026 10:35 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
