
Vladimir Putin
रूस-यूक्रेन युद्ध (Russia-Ukraine War) को 3 साल पुरे हो चुके हैं और इसके बावजूद युद्ध जारी है। हालांकि इसे रोकने के लिए अमेरिका (United States Of America) ने 30 दिन के सीज़फायर का प्रस्ताव पेश किया है, जिसे यूक्रेन ने मान लिया है। सऊदी अरब (Saudi Arabia) के जेद्दा (Jeddah) में दोनों देशों के अधिकारियों ने मीटिंग करके 30 दिन के सीज़फायर का प्रस्ताव पेश किया। इस अमेरिकी प्रस्ताव को मानने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने यूक्रेन को दी जाने वाली सैन्य सहायता और खुफिया जानकारी देने पर लगी रोक हटा दी है। इस सीज़फायर प्रस्ताव को मानने के लिए ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) को भी चेतावनी दी है। हालांकि पुतिन ने इस प्रस्ताव को मानने के लिए कुछ शर्तें रखी हैं। इसी बीच पुतिन ने यूक्रेनी सेना को भी एक सलाह दी है।
ट्रंप ने पुतिन से अपील की है कि वह यूक्रेनी सेना को मारना बंद कर दे। ऐसे में पुतिन ने भी रूसी इलाके कुर्स्क (Kursk) में तैनात यूक्रेनी सेना को तुरंत सरेंडर करने की सलाह दी है। पुतिन ने यह भी कहा है कि कुर्स्क में जो भी यूक्रेनी सैनिक सरेंडर करते हुए अपने हथियार डाल देंगे, उनकी ज़िंदगी को बख्श दिया जाएगा।
इसी बीच अमेरिकी अधिकारी स्टीव विटकॉफ (Steve Witkoff) ने रूस में पुतिन से मुलाकात की है। विटकॉफ ने रूस-यूक्रेन युद्ध में सीज़फायर लागू करने के प्रस्ताव से जुड़े सभी पहलुओं के बारे में पुतिन को सूचित किया। साथ ही शांति स्थापित करने का ट्रंप द्वारा दिया मैसेज भी पुतिन को दिया। ट्रंप ने बताया कि पुतिन और विटकॉफ के बीच हुई बातचीत काफी सकारात्मक रही। हालांकि अभी भी पुतिन ने सीज़फायर प्रस्ताव को समर्थन देने के विषय में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
रूस पर सीज़फायर प्रस्ताव को मानने का दबाव बनाने के लिए अमेरिका ने रूस पर लगाए प्रतिबंध सख्त कर दिए हैं। अमेरिका ने रूस के कच्चे तेल पर लगे प्रतिबंधों को और सख्त कर दिया है।
यह भी पढ़ें- अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस पत्नी उषा के साथ आएंगे भारत, अहम होगा दौरा
Updated on:
15 Mar 2025 10:43 am
Published on:
15 Mar 2025 10:43 am
