
वोलोडिमिर जेलेंस्की और व्लादिमीर पुतिन। (Photo- ANI)
Ukraine Russia Latest News: रूस और यूक्रेन के बीच 24 फरवरी 2022 से जारी युद्ध थमने का नाम नहीं ले रहा है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने दावा किया है कि यूक्रेन ने रूस की दो तेल रिफाइनरियों पर हमला किया है। जेलेंस्की के अनुसार, यूक्रेनी सेना ने यारोस्लावल की स्लावनेफ्ट-यानोस रिफाइनरी और बश्कोर्तोस्तान की बाशनेफ्ट-नोवोइल रिफाइनरी को निशाना बनाया। इससे पहले खबर आई थी कि यारोस्लावल तेल रिफाइनरी से काला धुआं उठता दिखाई दिया। बताया गया कि यह घटना यूक्रेनी ड्रोन हमले के बाद हुई। यारोस्लावल के गवर्नर मिखाइल एव्रायेव ने कहा कि यूक्रेनी ड्रोन को नष्ट कर दिया गया। हालांकि, ड्रोन के मलबे के गिरने से तीन घरों में आग लग गई। जेलेंस्की ने यह भी दावा किया कि यूक्रेन ने काला सागर में रूस की दो सैन्य गश्ती नौकाओं और रूस के 'शैडो फ्लीट' से जुड़े कुछ जहाजों को भी निशाना बनाया है।
उधर, रूस की तरफ से हमलों की पुष्टि की गई है। रूस के यारोस्लावल शहर स्थित स्लावनेफ्ट-यानोस तेल रिफाइनरी को निशाना बनाकर किए गए हमले में चार लोगों के घायल होने की खबर है। हमले के बाद शहर के ऊपर काले धुएं के बड़े बादल दिखाई दिए।
क्षेत्रीय गवर्नर मिखाइल एव्रायेव ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि हमले में किसी की मौत नहीं हुई है, लेकिन चार लोग घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि तेल रिफाइनरी के एक स्टोरेज टैंक को नुकसान पहुंचा, जिसके बाद वहां आग लग गई। आपातकालीन सेवाएं आग बुझाने के काम में जुटी हुई हैं।
उन्होंने कहा कि फिलहाल इलाके में कोई तत्काल खतरा नहीं है। रूसी अधिकारियों का दावा है कि सभी यूक्रेनी ड्रोन को रोक दिया गया था। हालांकि, ड्रोन के मलबे के गिरने से तीन घरों में आग लग गई और कुछ वाहनों को नुकसान पहुंचा।
यूक्रेन के खारकीव क्षेत्र में एक रेलवे स्टेशन पर हुए रूसी हमले में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए। क्षेत्रीय गवर्नर ने यह जानकारी दी। खारकीव के गवर्नर ओलेह सिनीहुबोव ने टेलीग्राम पर एक पोस्ट में बताया कि घायलों में कुछ लोगों की हालत गंभीर है। इससे पहले खबर आई थी कि खारकीव के बालाकलिया इलाके में रूस के अलग-अलग हमलों में तीन लोगों की मौत हुई थी।
हाल के हफ्तों में रूस ने यूक्रेन के कई बुनियादी ढांचों को निशाना बनाया है। वहीं, यूक्रेन ने भी रूस के नागरिक बुनियादी ढांचे, जिसमें बिजली से जुड़ी सुविधाएं शामिल हैं, पर हमले तेज कर दिए हैं। हालांकि, दोनों देशों ने नागरिकों को जानबूझकर निशाना बनाने के आरोपों से इनकार किया है।
Updated on:
06 Aug 2026 02:50 pm
Published on:
06 Aug 2026 02:50 pm
