
ड्रोन हमले के बाद तुला में Wildberries के हब में लगी आग | फोटो सोर्स- X(@VicentUKR)
Tula Region Attack:रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग के बीच एक बार फिर बड़ा हमला हुआ है। रूस के तुला क्षेत्र में यूक्रेनी ड्रोन हमले के बाद रूस की सबसे बड़ी ऑनलाइन रिटेलर कंपनी Wildberries के एक बड़े लॉजिस्टिक्स हब में भीषण आग लग गई। इस घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया, जबकि कई इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा है। वहीं, रूस ने भी जवाब में यूक्रेन की राजधानी कीव पर मिसाइल और हवाई हमले किए, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और 24 से ज्यादा लोग घायल हो गए।
स्थानीय मीडिया और सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो के अनुसार, तुला क्षेत्र की अलेक्सिनो बस्ती में स्थित Wildberries का यह लॉजिस्टिक्स सेंटर सुबह करीब 3:30 बजे आग की चपेट में आ गया। हमले के तुरंत बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। तुला क्षेत्र के गवर्नर दिमित्री मिल्यायेव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टेलीग्राम पर हमले की पुष्टि करते हुए बताया कि रात में मिसाइल और ड्रोन हमले की चेतावनी जारी की गई थी, जो सुबह तक बनी रही।
Wildberries कंपनी ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि हमले के तुरंत बाद परिसर में मौजूद सभी कर्मचारियों और कर्मियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कंपनी ने ग्राहकों की डिलीवरी प्रभावित न हो, इसके लिए अपने लॉजिस्टिक्स और डिलीवरी रूट को दूसरे नजदीकी सेंटरों पर शिफ्ट कर दिया है। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों में ड्रोन हमलों में कंपनी के 12 से ज्यादा सेंटरों को नुकसान पहुंच चुका है।
गवर्नर मिल्यायेव के अनुसार, हमला सिर्फ वेयरहाउस तक ही सीमित नहीं था। तुला क्षेत्र के नोवोमोस्कोव्स्क और उजलोवाया इलाकों में स्थित दो औद्योगिक क्षेत्रों और दो रिहायशी इमारतों को भी इस हमले में नुकसान पहुंचा है।
दूसरी तरफ मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने दावा किया है कि रूसी वायु रक्षा प्रणाली ने राजधानी मॉस्को की तरफ बढ़ रहे कम से कम 10 ड्रोनों को हवा में ही मार गिराया। वहीं, रूस के कजान शहर में भी हमले की खबर सामने आई हैं।
इस घटना के तुरंत बाद रूसी सेना ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर बड़ा हवाई हमला कर दिया है। करीब 30 लाख की आबादी वाले इस शहर के कई इलाकों में रूसी मिसाइलों के गिरने से कई इमारतें पूरी तरह तबाह हो गईं। इस हमले में 1 नागरिक की जान चली गई और 24 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। फिलहाल दोनों देशों के बीच हमले और तेज हो गए हैं।
Updated on:
05 Aug 2026 10:33 am
Published on:
05 Aug 2026 10:33 am
बड़ी खबरें
View Allविदेश
ट्रेंडिंग
