
मृतक धर्मवीर यादव
Agra:आगरा में कोचिंग संचालन करने और सिविल सर्विस की तैयारी कर रहे युवक का शव फिरोजाबाद में उसकी गाड़ी में मिला है। युवक अभी 12 दिन पहले नई थार गाड़ी लेकर आया था और कुछ दिन पहले ही उसने तीन करोड़ की जमीन बेची थी। मृतक घर से दोस्तों संग घूमने जाने की बात कहकर निकला था।
दोस्तों संग घूमने जाने की कही थी बात
आगरा के थाना ताजगंज के महुआ खेड़ा निवासी धर्मवीर यादव सिविल सर्विस की तैयारी कर रहा था और भगवान टाकीज चौराहे पर यादव कोचिंग सेंटर का संचालन करता था। मृतक के भाई जितेंद्र के अनुसार पिता की मौत के बाद धर्मवीर ही घर संभालता था। शुक्रवार शाम को वो घर से कोचिंग गया था। रात दस बजे के लगभग उसने मां से बात की थी और दोस्तों संग घूमने जाने और रात कोचिंग में ही सोने की बात कही थी। नई गाड़ी लेने के चलते परिजनों ने कोई शक नहीं किया था। देर रात फिरोजाबाद के नगला सिंघी के ग्वारई गांव के निकट यमुना किनारे जंगल के पास उसका शव गाड़ी के अंदर मिला है। युवक के माथे पर एक गोली मारी गई है और उसके साथ कोई लूटपाट नहीं हुई है। गाड़ी से थोड़ी दूरी पर शराब की बोतल भी बरामद हुई है।
संघर्ष के नहीं मिले निशान, जांच जारी
एसपी सिटी फिरोजाबाद सर्वेश कुमार ने बताया कि कार के अंदर संघर्ष के कोई निशान नहीं मिले हैं। मृतक का शव ड्राइवर सीट के बगल में सीट बेल्ट बंधा हुआ मिला है। किसी साथी द्वारा बातचीत के दौरान अचानक गोली मार देने का शक हो रहा है। मृतक के कोचिंग सेंटर से लेकर यहां तक के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। युवक द्वारा अभी कुछ ही दिन पहले तीन करोड़ की जमीन बेचे जाने की जानकारी हुई है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। जल्द मामले का खुलासा कर दिया जायेगा।
Published on:
29 Jul 2023, 2:24 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.