
Exclusive लोकसभा चुनाव के लिए ये है अमित शाह की 'व्यूह रचना', ब्रजभूमि से होगा चुनावी शंखनाद
अमित कुमार शर्मा
amit.sharma4@in.patrika.com
आगरा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पांच जुलाई को आगरा आ रहे हैं। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर ब्रज में अमित शाह की यह पहली बड़ी बैठक होने जा रही है, इस दौरान अमित शाह संगठन, सरकार और कार्यकर्ता की नब्ज टटोलेंगे इसके साथ ही 'प्रबुद्धजन सम्मेलन' के लिए समाज के प्रभावशाली (विभिन्न क्षेत्रों के पेशेवर) लोगों को 'मोदी अगेन' के लिए 'कन्वेंस' करेंगे।
पूरे दिन में होंगे चार सेशन
अमित शाह के पूरे दिन के प्रोग्राम को चार सेशन में बांटा गया है। ब्रज, कानपुर और पश्चिम क्षेत्र की सहभागिता रहेगी। अलग-अलग चार सेशन में इन तीनों क्षेत्रों के पार्टी-संगठन के प्रमुख पदाधिकारी-दायित्ववान, विस्तारक और प्रबुद्धजनों के साथ रूबरू होंगे। इस लिहाज इस बैठक के जरिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ताजनगरी से 2019 लोकसभा चुनाव के लिए संदेश देंगे। इस दौरान उनके साथ उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्रनाथ पाण्डेय, उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा और केशव प्रसाद मौर्य भी मौजूद रहेंगे।
पहले तीन कार्यक्रम होंगे होटल उत्कर्ष विला में
तीन कार्यक्रम होटल उत्कर्ष मिला में आयोजित होंगे। ब्रज, पश्चिम व कानपुर क्षेत्र के विस्तारक, ब्रज और पश्चिम के क्षेत्रीय व प्रमुख प्रदेश पदाधिकारी और आईटी की टीम के साथ बैठक करेंगे। उनके साथ पार्टी की स्थिति से लेकर सांसद विधायक और संगठन का फीडबैक लेंगे। ये तीनों कार्यक्रम उनके अहम साबित होंगे। संगठन के पदाधिकारी और विस्तारकों की रिपोर्ट सांसद और विधायकों की दशा और दिशा तय करेगी। उनका फोकस संगठन की मजबूती के साथ ही वर्तमान सांसदों के रिपोर्टकार्ड पर भी रहेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठन को और कैसे मजबूत किया जाए, इस पर विस्तार से चर्चा रहेगी, जिससे वर्ष 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में अच्छे परिणाम आ सकें। बता दें कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अभी संगठनमंत्री का पद रिक्त है।
सूरसदन में होगा प्रबुद्धजन सम्मेलन
अमित शाह प्रबुद्धजनों से रुबरू होंगे। यह कार्यक्रम शाम पांच बजे संंजय प्लेस स्थित सूरसदन में होगा। जिसमें दो हजार प्रबुद्धनों को बुलाया गया है। सूरसदन की दो हजार से कम क्षमता होने के कारण बाहर वाटरप्रूफ टैंट लगाया जाएगा, जिसमें एलईडी भी लगाई जाएगी, जिससे सूरसदन के अंदर होने वाले कार्यक्रम को देखा और सुना जा सके।
संगठनमंत्री ने खुद संभाली कमान
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के कार्यक्रम को लेकर पार्टी में जोरशोर से तैयारी चल रही है। संगठनंत्री भवानी सिंह खुद कार्यक्रम की हर तैयारी की बारीकी से मॉनिटरिंग कर रहे हैं। नेता से लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। किसी को सूरसदन की जिम्मेदारी सौंपी गई है तो किसी को निमंत्रण पत्र देने की। किसी भी तरह की कोई चूक न हो इसके लिए संगठन मंत्री की टीम खुद कार्यक्रम की व्यवस्था में दिन रात लगी हुई है। होर्डिंग, बैनर फाइनल कर दिए गए हैं। कार्यक्रम स्थल की एक-एक व्यवस्था का बारीकी से विष्लेशण कर निर्णय लिया जा रहा है। सूरसदन में दिन रात काम चल रहा है। महापुरुषों के संदेश से लेकर मोदी सरकार की उपलब्धियों के बड़े-बड़े फ्लेक्स लगाए जा रहे हैं। सूरसदन को भगवामय रूप दिया जा रहा है। मुख्य द्वार के ऊपर दीवार पर मोदी-शाह का बड़ा फ्लैक्श बीच में बड़ा कमल का फूल लगाया जाएगा। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि अब तक का अभूतपूर्व कार्यक्रम होगा।
Published on:
03 Jul 2018 12:44 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
