
Clash
आगरा। थाना ताजगंज क्षेत्र में जो हुआ, उससे पुलिस के पसीने छूट गये। राजस्व विभाग की टीम के साथ कब्जा मुक्त कराने गई पुलिस को जान बचाना मुश्किल पड़ गया। एक पक्ष ने जैसे ही फायरिंग शुरू की, तो गांव में भगदड़ मच गई। गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गये। पुलिस ने घायलों को एसएन अस्पताल में भेजा है, वहीं गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए फोर्स तैनात किया गया है।
यहां का है मामला
ये मामला थाना ताजगंज क्षेत्र के महुआ खेड़ा की है। बताया जा रहा है कि गांव के ही रहने वाले हरिओम ने हाल ही में एक खेत खरीदा था। इस खेत से सटा हुआ नवल सिंह का मकान है। नवल सिंह ने खेत की करीब 50 गज जगह को घेरा हुआ था। हरीओम ने इसकी शिकायत तहसील और थाना दिवस में की। इस पर शनिवार को पुलिस फोर्स के साथ राजस्व की टीम गांव पहुंची।
पैमाइश के दौरान हो गई फायरिंग
राजस्व विभाग की टीम जमीन की पैमाइश कर रही थी। इस दौरान पुलिस के सामने ही नवल सिंह के पक्ष ने हरीओम पक्ष पर फायरिंग कर दी। इससे अफरा-तफरी मच गई। चाकूबाजी भी हुई। घटना में हरीओम पक्ष के ब्रजेश सहित कई लोग घायल हो गए, जिन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान ब्रजेश ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर एसपी सिटी प्रशांत वर्मा फोर्स के साथ पहुंच गए। तब तक सभी आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। इसके मद्देनजर फोर्स तैनात किया गया है।
Published on:
01 Jun 2019 05:26 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
